श्री अग्रसेन के बच्चों को दी भवन निर्माण की जानकारी
भुरकुंडा | पटेलनगर स्थित श्री अग्रसेन स्कूल भुरकुंडा में मंगलवार को समर कैंप के दौरान बच्चों को बी आर्च के बारे में जानकारी दी गयी। कार्यक्रम में रांची के जाने माने आर्किटेक्ट दिनेश सिन्हा ने बच्चों को बैचलर ऑफ आर्किटेक्ट के बारे में बताया। कहा कि ऊंची-ऊंची गगनचुंबी इमारत, मल्टीप्लेक्स, कलात्मक, भव्य मंदिर और माॅलों को देखकर आपलोगों को काफी आश्चर्य होता होगा कि आखिर इस निर्माण कार्य को किस प्रकार से अंजाम दिया गया होगा। दरअसल यह कमाल है एक आर्किटेक्ट का, जिसकी योजनाओं और रणनीति पर अमल कर इस तरह के निर्माण कार्य संपन्न किये जाते हैं। इस हुनर को आर्किटेक्चर के नाम से जाना जाता है। प्रश्नोत्तरी सेशन में उन्होंने बच्चों के बी आर्च में एडमिशन प्रक्रिया, कोर्स की फीस, करियर संभावना, वेतन, बेहतर संस्थानों सहित अन्य जुड़े सवालों के जवाब दिया। मौके पर शिक्षक-शिक्षिकाएं और दर्जनों बच्चे मौजूद थे।