कपड़े खरीदने आए ग्राहक की जेब से 50 हजार पार, फुटेज में दिखा संदिग्ध
कस्बा के मुख्य बाजार में संचालित कपड़े की दुकान पर शादी में भात देने के लिए कपड़े खरीदने आए एक व्यक्ति की जेब से पचास हजार रुपए अज्ञात चोर ने पार कर लिए। जिसकी सूचना पीड़ित ने भुसावर थाने में दी। भुसावर उपखण्ड के गांव नयागांव खालसा निवासी रामदयाल पुत्र दौलतराम कस्बा के मुख्य बाजार में संचालित हरीश बंसल की कपड़े की दुकान पर परिजनों के साथ खरीदारी करने आया था जहां ग्राहकों की भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात चोर ने जेब में रखे 50 हजार रुपए पार कर लिए। जब पीड़ित ने दुकानदार को रुपए देने के लिए जेब में हाथ डाला तो रुपए गायब मिले। दुकानदार से चर्चा करने पर पता चला कि दुकान में सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ है जिसकी सूचना भुसावर पुलिस को दी। पीड़ित की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली और दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। पुलिस ने संदिग्ध की तलाश शुरू की है।