रोजनामचा तक नहीं भरा, 5 कांस्टेबल लाइन हाजिर
भरतपुर| भुसावर थाने की खेड़ली मोड़ पुलिस चौकी पर मनमर्जी व लापरवाही करना व रिकार्ड का संधारण नहीं करना स्टाफ के लिए भारी पड़ गया। एसपी अनिल कुमार टांक ने खेड़ली मोड़ चौकी के इंचार्ज व पांच सिपाहियों को विभागीय जांच में दोषी मानते हुए चार्जशीट दी है। इसके साथ ही गुरुवार को पांच सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया, जबकि चौकी इंचार्ज पहले से ही निलंबित चल रहा था।
एसपी अनिल कुमार टांक करीब साढ़े चार माह पूर्व 27 नवंबर को सुबह खेड़ली मोड़ चौकी का निरीक्षण करने पहुंचे थे। जहां स्टाफ तो मौजूद था, लेकिन रिकार्ड का संधारण नहीं था। रोजनामचा में खाली जगह छोड़ी हुई थी, जिस पर एसपी ने नोट लगा दिया था और चौकी इंचार्ज गोपालराम मीणा तत्काल निलंबित कर दिया। साथ ही इसकी विभागीय जांच भुसावर सीओ वासुदेव को सौंप दी। जांच रिपोर्ट आई तो पूरे मामले का खुलासा हो गया। रिकार्ड संधारित नहीं करने के मामले में सभी कांस्टेबलों को दोषी माना है। इसपर कार्रवाई करते हुए एसपी ने सभी 5 सिपाही पुरुषोत्तम, चंद्रवीर, शिव कुमार, सुरेंद्र व अनिल दोषी पाए। इस पर एसपी ने चौकी इंचार्ज व 5 सिपाहियों काे चार्जशीट दी है। इसके साथ ही सभी पांच सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया।
एसपी ने गत वर्ष निरीक्षण के दौरान प्रभारी को किया था निलंबित