दुष्कर्म पीड़िता के दर्ज हुए बयान पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ा
भास्कर संवाददाता | भरतपुर/हलैना
घर में सो रही एक नाबालिग लड़की का अपहरण करके तीन दोस्तों ने सामूहिक दुष्कर्म किया और इसका वीडियो बनाकर वायरल भी कर दिया गया। इस संबंध में हलैना थाना में मामला दर्ज होने पर पुलिस ने बुधवार को पीड़िता के वैर कोर्ट में धारा 164 सीआरपीसी के तहत बयान कराए हैं। एसपी अनिल कुमार टांक ने बताया हलैना थाना पुलिस इस मामले में शुक्रवार को एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह वह व्यक्ति है, जिसकी दुकान में दुष्कर्म की घटना की गई थी। पीड़िता के पिता ने 31 मार्च की रात को हुई घटना की रिपोर्ट 2 अप्रैल को हलैना थाना में दर्ज कराई थी, जिसमें तीन आरोपी ललिता मुड़िया का मुनेश जाट, हंतरा का बंटी नाई व हतीजर का भोला का नामजद किया था। पता चला है कि ये तीनों ही आरोपी शादीशुदा हैं। मुनेश के 2 बच्चे भी हैं। पुलिस ने मामला दर्ज होने के बाद अगले दिन 3 अप्रैल को धरसौनी पीएचसी पर महिला चिकित्सक से पीड़िता का मेडिकल कराया था। सीओ भुसावर वासुदेव सिंह ने बताया कि वैर कोर्ट में 12 अप्रैल को पीड़िता के धारा 164 के बयान कराए गए। बयानों की नकल पुलिस ने जांच के लिए शुक्रवार को ले ली। बयानों में पीड़िता ने रिपोर्ट में जो बात लिखी हैं, उसकी पुष्टि की है। इसके बाद घटना के आरोपी दुकानदार बंटी नाई निवासी हंतरा को गिरफ्तार कर लिया है अन्य की तलाश जारी है।
हलैना. दुकान जिसमें दुष्कर्म की वारदात हुई।
पीड़िता बोली- चार माह पूर्व भी हुआ
दुष्कर्म, आरोपी धमकाते रहे
13 साल की नाबालिग लड़की पीड़िता का कहना है कि पिता की पंचर जोड़ने की दुकान है। जहां पड़ोसी मुनेश अक्सर आता जाता था। उसने बहला फुसलाकर अपने चंगुल में फंसा लिया। करीब 4 महीने पहले नवंबर माह में आरोपी पड़ोसी मुनेश, हंतरा का बंटी नाई व हतीजर का भोला उसे बंटी की दुकान के निकट सीमेंट की ईंट के प्लांट के पीछे ले गए थे। जहां उससे सामूहिक दुष्कर्म किया था। दुष्कर्म के बाद धमकाते रहे कि किसी को बताया तो मां-बाप सहित भाई को खत्म कर देंगे। इस वजह से वह चुप रही। इसके बाद 31 मार्च की रात दादी के पास नौहरे में भैंसों के पास सो रही थी। तभी मुनेश एक अन्य व्यक्ति के साथ आए और उसके मुंह को कपड़ा लगाकर जबरन बाइक पर अपहरण करके बंटी नाई की दुकान में ले गए। जहां तीनों ने दुष्कर्म किया, जबकि 2 अन्य युवक दुकान के बाहर हथियार लेकर खड़े रहे। आरोपी भोला ने दुष्कर्म की वीडियो बनाई, जो दूसरे दिन वाट्स-अप पर वायरल कर दी।