भास्कर संवाददाता | बिछीवाड़ा
राजस्व लोक अदालत शिविर में पहली बार बीपीएल परिवार की बेटियों के विवाह पर सहयोग राशि बिछीवाड़ा के गांव झिंझवा में आयोजित शिविर में दी गई। विधायक देवेंद्र कटारा ने पूर्व के शिविरों मे जाकर जानकारी ली। उसमें किसी भी शिविर में बीपीएल परिवार के विवाह पर सहयोग राशि प्रदान नहीं की गई थी। इसपर उन्होंने एसडीएम, तहसीलदार को निर्देश देकर योजना का लाभ लोगों को देने के निर्देश दिए थे।
शिविर में माया पुत्री हलुराम कलासुआ को 20 हजार रुपए और मेवाकुमारी पुत्री लक्ष्मण खराड़ी को 30 हजार रुपए की राशि दी गई। साथ ही पालनहार योजना के तहत 9 विधवाओं के 17 बच्चों को ऑनलाइन कराया गया।
बिछीवाड़ा. ग्रामीण महिलाओं को रसोई गैस देते हुएविधायक देवेंद्र कटारा।
उज्ज्वला योजना में 15 महिलाओं को गैस चूल्हे के साथ सिलेंडर दिए
राजस्व शिविर में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना में 15 ग्रामीण महिलाओं को आशापुरा बिछीवाड़ा से गैस कनेक्शन दिए गए। इसमें गैस चूल्हे और सिलेंडर दिए। विधायक कटारा ने गैस कनेक्शन देने के बाद पर्यावरण को बनाए रखने को लेकर जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीण लोगों को जंगलों में ईंधन के लिए पेड़ नहीं काटने को लेकर संकल्प दिलाया। सभी ने पेड़ नही काटने का भरोसा दिलाया।