जयपुर से आए 20 स्वच्छता रथ देंगे संदेश
डूंगरपुर| जयपुर से तैयार होकर आए 20 स्वच्छता रथों को मंगलवार को कलेक्ट्रेट से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। हर ब्लॉक में 4-4 रथ रवाना किए गए हैं। पहले चरण में जिले के 5 ब्लॉक में यह रथ स्वच्छता जागरूकता का संदेश देंगे।
12 दिनों नुक्कड़ नाटक, फिल्म प्रदर्शन के माध्यम से लोगों को स्वच्छता का महत्व समझाया जाएगा। कलेक्टर राजेंद्र भट्ट, जिला प्रमुख माधवलाल वरहात, विधायक देवेंद्र कटारा, सीईओ रूकमणि रियार सिहाग, प्रकाश पंचाल, सुदर्शन जैन, कमलेश पंचाल ने हरी झंडी दिखाकर सभी 20 रथों को रवाना किया गया। यह रथ स्वच्छता के संदेश लिखे फ्लेक्स, बैनर से सुसज्जित है। यह रथ सोमवार देर शाम को जयपुर से यहां पहुंचे है। रथ पर एक एलईडी टीवी लगी हुई है। एक नुक्कड़ नाटक की टोली भी चलेगी। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) जिला परिषद डूंगरपुर की ओर से स्वच्छ डूंगरपुर के यह रथ निकाले जा रहे है। पहले चरण में यह रथ जिले के डूंगरपुर, चिखली, बिछीवाड़ा, सीमलवाड़ा और झौथरी के गांवों में घूमेंगे, जहां लोगों को स्वच्छता का संदेश देंगे।
डूंगरपुर। स्वच्छता रथों को रवाना करते जिला प्रमुख, कलेक्टर व विधायक।
जो लोग शौचालय का उपयोग नहीं करते उन्हें प्रेरित करेंगे
जिला प्रमुख माधव वरहात ने कहा कि इन रथों के माध्यम से लोगों को शौचालय का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। वरहात ने बताया कि कई लोगों ने शौचालय तो बना दिए है, लेकिन वह आज भी उनका उपयोग नहीं करते। ऐसे में उन लोगों को इसके फायदे बताए जाएंगे। गांव-गांव में साफ-सफाई रखने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा।