शिक्षक ने एसएमसी अध्यक्ष के फर्जी हस्ताक्षर कर उठाए 5 लाख रुपए
धोखाधड़ी का मामला दर्ज, जांच शुरू
भास्कर संवाददाता | डूंगरपुर
बिछीवाड़ा क्षेत्र के राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल गेड़ की एसएमसी अध्यक्ष के फर्जी हस्ताक्षर कर एक दूसरी स्कूल में कार्यरत शिक्षक ने 5 लाख रुपए की राशि उठा ली।
गेड़ एसएमसी अध्यक्ष लक्ष्मी डोडियार ने बिछीवाड़ा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराकर बताया कि राजकीय माध्यमिक स्कूल पालीसोडा में कार्यरत शिक्षक प्रदीप कुमार ने फर्जी हस्ताक्षर किए। फिर 5 लाख रुपए की राशि उठा ली।
इस मामले को लेकर पुलिस छानबीन में जुट गई है। हालांकि पूरे मामले में कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं, क्योंकि एसएमसी के खाते की चेकबुक आखिर शिक्षक प्रदीप कुमार के पास कैसे पहुंची और चेक पर हस्ताक्षर का मिलान बैंक द्वारा क्यों नहीं किया गया। फिलहाल इस मामले में मुकदमा दर्ज हुआ है और पुलिस की छानबीन में पूरे प्रकरण का फर्जीवाड़ा सामने आने की उम्मीद है।