बजट के अभाव में अटका अंतरराज्यीय बस टर्मिनल
जिला मुख्यालय में साप्ताहिक बाजार की शिफ्टिंग कतियाररास में हो चुकी है, लेकिन बस स्टैंड की शिफ्टिंग का प्रस्ताव अधर में है। बस स्टैंड भी कतियाररास में 7 एकड़ जमीन पर बनाया जाना प्रस्तावित है। बायपास मार्ग कतियाररास से होकर गुजरती है, इसलिए नगरीय निकाय ने जेल चौक पर बस स्टैंड के लिए जगह भी चयन कर लिया है। करीब 5 करोड़ रुपए की लागत से यहां अंतरराज्यीय बस टर्मिनल बनाने का प्रस्ताव नगरी प्रशासन विभाग को भेजा जा चुका है, लेकिन विभाग से बजट की स्वीकृति नहीं मिलने से अब तक काम शुरू नहीं हो पाया है।
ओडिशा, तेलंगाना व छग की बसों को मिलेगी सुविधा: प्रस्तावित नए अंतरराज्यीय बस टर्मिनल बनने से बैलाडीला से दंतेवाड़ा होकर तेलंगाना जाने वाली यात्री बसों और ओडिशा व छत्तीसगढ़ के ऑपरेटरों की बसों के लिए भी जगह मिल सकेगी।
फिलहाल तेलंगाना रूट पर 12 बसें चल रही है, जिनमें आंध्र सड़क परिवहन निगम के अलावा छत्तीसगढ़ के निजी ऑपरेटरों की बसें शामिल हैं। इसके अलावा कटेकल्याण, बारसूर, चित्रकोट, पालनार जैसे नए रूटों पर भी बसों का संचालन होने लगा है। बीजापुर जिले के तिमेड़ घाट में पुल निर्माण पूरा होने पर महाराष्ट्र की अंतरराज्यीय बसों का संचालन दंतेवाड़ा तक होने की संभावना है।
1985 में बना बस स्टैंड छोटा पड़ रहा: वर्तमान बस स्टैंड वर्ष 1985 में तत्कालीन विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण साडा ने बनवाया था। अब आबादी बढ़ने और जिला मुख्यालय घोषित होने के बाद दंतेवाड़ा में यातायात का दबाव बढ़ा है। इस लिहाज से मौजूदा बस स्टैंड छोटा पड़ रहा है। सभी बसों को खड़ी करने जगह नहीं मिल रही है। इसके चलते बैलाडीला से राजधानी की तरफ चलने वाली बसें रात में बस स्टैंड में नहीं घुसतीं।
अधूरी योजना
कतियाररास में नया बस स्टैंड बनाने का प्रपोजल नगरी प्रशासन को भेजा गया है
मौजूदा बस स्टैंड पर जगह की कमी से गाड़ियों को रखने में दिक्कत होती है।
नए सिरे से प्रपोजल बनाकर विभाग को भेजा गया है
नगर पालिका अध्यक्ष दीपक कर्मा का कहना है कि अब नए सिरे से प्रपोजल बनाकर विभाग को भेजा गया है। नई योजना में अंतरराज्यीय बस टर्मिनल बनाने नगरीय निकायों को 50 से 100 करोड़ रुप तक की मंजूरी मिलेगी। केंद्र से अर्बन डेवलपमेंट मद से अभी यह राशि नहीं मिली है। बस स्टैंड के लिए कतियाररास में 7 एकड़ जमीन चिन्हित कर ली गई है। प्रस्तावित नए टर्मिनल में एमएलए रेस्ट रूम से लेकर जन सामान्य के लिए वेटिंग हाल, हवाई टिकट बुकिंग तक की सुविधा रहेगी।