कांग्रेस ने लगाया आरोप-यूपीए सरकार के काम को अपना बता गए मोदी
बीजापुर जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा को फ्लॉप शो बताते हुए कांग्रेस कोआर्डिनेटर श्रीनिवास गोमासे ने प्रेस कांफ्रेंस में आरोप लगाया कि जनता के करोड़ों रुपए खर्च करने के बावजूद पीएम की सभा में भीड़ नहीं जुट सकी। प्रधानमंत्री ने जिस तिमेड़ पुल और एनएच-63 को बीजेपी की उपलब्धि बताया, उसकी मंजूरी 4 साल पहले तक रही यूपीए सरकार के कार्यकाल में मिल चुकी थी। प्रधानमंत्री इस राज्य के मुख्यमंत्री के साथ मिलकर जनता को गुमराह करने यहां आए थे। उनके आने किसानों को बड़ी राहत की घोषणा की उम्मीद थी, लेकिन एेसा कुछ भी नहीं हुआ। सभा में जिस तरह का विकास बताया व दिखाया गया, उसके उलट इस इलाके में मेन रोड के 4 किमी अंदर जाने पर शिक्षा, पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाएं नदारद रहती हैं। गोमासे ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार में यूपी के विधायक ने रेप जैसा घिनौना हरकत किया।
कांग्रेस के 60 साल के कार्यकाल में एक बार भी ऐसा आरोप किसी विधायक पर नहीं लगा। कांग्रेस महिलाओं की सुरक्षा के लिए काम करती है, और भाजपा इज्जत लूटती है। कांग्रेस सरकार सामाजिक सुरक्षा दिलाने के लिए काम करती है। सामाजिक न्याय और जनता के हक में लड़ाई हमेशा लड़ती रहेगी।
पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी का हाईकमान कोई और नहीं, बल्कि आम जनता है, जिसकी भलाई के लिए हमेशा सक्रिय रहते हैं। गोमासे ने कहा कि कांग्रेस सभी समाज व सभी धर्मों काे साथ लेकर चलने वाली सेक्युलर पार्टी है, बीजेपी की तरह आरएसएस व हिंदूवादी संगठनों के इशारे पर नहीं चलती। राहुल के नेतृत्व में अब कांग्रेस पूरी तरह बदले हुए स्वरूप में है, इसमें वरिष्ठों के मार्गदर्शन में युवा टीम पूरे उत्साह के साथ काम कर रही है। कार्यकर्ताओं को सीधे हाईकमान तक अपनी बात पहुंचाने का सिस्टम बना हुआ है। राज्य में शीर्ष स्तर पर कांग्रेसी नेताओं में बिखराव के सवाल पर गोमासे ने कहा कि अब समन्वय बन चुका है। शुरूआती सर्वे में छत्तीसगढ़, एमपी, कर्नाटक, तेलंगाना में कांग्रेस को सीधी जीत के संकेत मिले हैं। प्रेस वार्ता के दौरान संभागीय आब्जर्वर हरिप्रिया, पीआर तलांडी, विधायक देवती कर्मा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष विमल सुराना, दीपक कर्मा समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
दंतेवाड़ा. पत्रकारों से चर्चा करते कांग्रेसी नेता।