बीजापुर| जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विक्रम शाह मंडावी ने शनिवार को वन मंत्री महेश गागड़ा पर आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री रमन सिंह के 22 मई को भोपालपट्टनम में प्रस्तावित विकास यात्रा और आमसभा में भीड़ जुटाने अधिकारियों पर जबरन दबाव बनाया जा रहा है। मंत्री के दबाव में आकर सरकारी अमला सभा के लिए भीड़ जुटाने में लगा है। अधिकारियों को डरा-धमकाकर भीड़ जुटाने कहा गया है। आवापल्ली, बीजापुर और भैरमगढ़ से भी सरपंच सचिव की ड्यूटी भीड़ जुटाने के लिए लगाई गई है। अपना मूल कार्य छोड़ विभाग के अधिकारी समेत कर्मचारी मजबूरन भीड़ जुटाने में लगे हैं। प्रदेश में सत्ताधारी भाजपा की विकास यात्रा के लिए बड़े पैमाने पर शासकीय पैसों का भी दुरुपयोग किया जा रहा है।