- Hindi News
- National
- हत्या के बाद नक्सली धमकी हमारी इजाजत के बिना पुल और पुलिया बनाई तो मौत तय
हत्या के बाद नक्सली धमकी-हमारी इजाजत के बिना पुल और पुलिया बनाई तो मौत तय
नक्सलियों ने एनएच 63 से लगे गांव चिन्नाकोड़ेपाल में बुधवार की दोपहर करीब 12 बजे ठेकेदार के साइट इंचार्ज 55 वर्षीय बटोही पाॅल की धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी और चार वाहनों को आग के हवाले कर दिया। नक्सलियों ने यहां पर्चे छोड़ ठेकेदार जयकुमार नायर और राहुल सोनी की हत्या की धमकी भी दी है।
माओवादियों के मद्देड़ एरिया कमेटी द्वारा पर्चे फेंककर दो ठेकेदारों को जान से मारने की चेतावनी के साथ मुंशियों को निर्माण काम से दूर रहने की हिदायत भी दी है। घटना के बाद से सड़क, पुल-पुलिया निर्माण कार्यों से जुड़े ठेकेदारों में दहशत व्याप्त है। नक्सलियों ने चेतावनी दी है कि उनकी अनुमति के बिना अगर कोई ठेकेदार काम करता है तो उसे मौत की सजा दी जाएगी। वहीं नक्सलियों ने ठेकेदार और मुंशियों को हिदायत दी है कि वे सड़क और पुल-पुलियों के निर्माण कार्य से दूर रहें वरना सजा भुगतने को तैयार रहें।
चिन्नाकोड़ेपाल-चिन्नाकवाली मार्ग के बीच पड़ने वाली नदी पर पुल का निर्माण चल रहा है। इसका ठेका शिवशक्ति इंजीनियरिंग वर्क्स को मिला था। कार्यस्थल पर बुधवार को दो अजाक्स मशीन, एक ट्रक और एक मार्शल वाहन वहां खड़े थे । सभी वाहन कंपनी के थे।
रोज की तरह मजदूर काम पर लगे थे। दोपहर करीब 12 बजे 18-20 साल उम्र के चार-पांच युवक वहां डंडे लेकर आए और ड्राइवरों और कर्मियों से मोबाइल मांग लिया। सभी से मोबाइल लेने के बाद इन नक्सलियों ने वाहनों को आग के हवाले कर दिया।
मद्देड़ एरिया कमेटी ने ली हत्या की जिम्मेदारी
इस वारदात को मद्देड़ एरिया कमेेटी ने अंजाम दिया है। मौके पर छोड़े गए पर्चे में माओवादियों ने कहा है कि नक्सली आंदोलन को कुचलने के लिए ब्राहम्णीय हिंदूवादी मोदी व रमन सरकार कनेक्टिविटी बढ़ाने सड़क बनवा रही है। नक्सलियों ने कहा है कि उनकी पार्टी की अनुमति के बिना काम ना हो। ऐसा करने पर मौत की सजा दी जाएगी।
मद्देड़ एरिया कमेटी ने पर्चे फेंककर दी चेतावनी
जगदीश समरथ
पुल निर्माण में लगी मशीनों को नक्सलियों ने बुधवार की दोपहर को जला दिया
18 से 20 साल की उम्र के थे, हर कर्मचारी के पीछे एक-एक नक्सली डंडा लेकर खड़ा था
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घटनास्थल के चारों और बड़ी संख्या में नक्सली खड़े थे। जब वाहन जल रहे थे तो पुल के उस पार से आए साइट इंचार्ज बटोही पाॅल ने चिल्लाकर मजदूरों को आग बुझाने कहा। तभी बटोही पाॅल के पीछे दो बंदूकधारी नक्सली आ खड़े हुए और उसे अपने साथ ले गए। आगजनी के दौरान कार्यस्थल पर एक-एक कर्मी के पास कम से कम एक नक्सली डंडा लेकर खड़ा था। किसी भी कर्मचारी को एक दूसरे से संपर्क करने अथवा बातचीत करने नहीं दिया गया। कुछ देर बाद नक्सलियों ने घटना स्थल से कुछ दूर पर साइट इंचार्ज की धारदार हथियार से हत्या कर दी। घटना की सूचना के बाद दोपहर करीब तीन बजे मोदकपाल थाने से गई पुलिस ने शव को चिन्नाकोड़ेपाल से उठाकर पोस्टमार्टम के लिए हास्पिटल भिजवाया। बताया गया है कि बटोही पाॅल काफी दिनों से इस कंस्ट्रक्शन कंपनी में काम कर रहे थे। बटोही की प|ी, दो पुत्र व एक पुत्री हैं। मिलनसार स्वभाव होने के कारण बटोही का अच्छा संपर्क था। घटना के बाद उनके मोहल्ले में मातम पसरा है।
बीजापुर. मृतक बटोही पाल, जिसकी बुधवार को नक्सलियों ने हत्या कर दी।