गणेश ने जीते 2 गोल्ड
इंडोनेशिया के बाली में आयोजित अंतरराष्ट्रीय स्ट्रेंथ लिफ्टिंग प्रतियोगिता में गणेश अहीर ने 2 स्वर्ण पदक हासिल किए। 7 से 10 अप्रैल तक आयोजित प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर गुरुवार रात गणेश बिजयनगर लौटे तो स्थानीय खेल जगत के लोगों व जनप्रतिनिधियों ने स्वागत कर उत्साहवर्धन किया। इस मौके पर स्ट्रेंथ लिफ्टिंग के जिलाध्यक्ष एसआर सिंह, पार्षद संजय कुमावत, पूर्व पालिकाध्यक्ष इन्द्रजीत मेवाड़ा, प्राज्ञ महाविद्यालय के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष अजीतसिंह यादव, पूर्व सरपंच रामस्वरूप मेवाड़ा, कैलाश मालू, सौरभ जैन, राहुल सिंह राठौड़, बच्छराज जाट, नीरज शर्मा, प्रमोद जाट आदि ने गणेश का माल्यार्पण किया। हुरड़ा तहसील के आंगूचा निवासी देवीलाल अहीर के पुत्र गणेश ने अपनी प्रतिभा के निखारने की शुरुआत श्री प्राज्ञ महाविद्यालय से की थी। यहां अध्ययनरत रहते हुए राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर मिला। गत वर्ष अप्रैल में गुवाहाटी में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल करने के बाद उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने का अवसर मिला था। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन के लिए मिले इस अवसर के तहत वे पिछले छह माह से निरंतर अभ्यास में जुटे थे।