बिजयनगर में आए दिन कई बार विद्युत आपूर्ति बंद होने से उत्पन्न समस्या से अब शहरवासियों को काफी हद तक निजात मिलेगी। एवीवीएनएल ने शनिवार को इस समस्या से आमजन को राहत देने के लिए नया ट्रांसफार्मर लगाने की स्वीकृति प्रदान की है। जानकारी के मुताबिक भीषण गर्मी के दौर के बावजूद दिन में कई मर्तबा विद्युत आपूर्ति की आंख मिचौली को लेकर शनिवार को एक बार फिर शहर के उद्यमियों व जनप्रतिनिधियों ने गहरी नाराजगी जताई। शनिवार सुबह उद्योग संघ अध्यक्ष विमल धम्माणी व सचिव अंकित तातेड़ सहित अन्य उद्यमियों ने पालिकाध्यक्ष सचिन सांखला को रीको क्षेत्र में उद्यमियों को हो रही परेशानी से अवगत कराया। इस पर पालिकाध्यक्ष सांखला पार्षद बृजेश तिवारी व अन्य के साथ रीको औद्योगिक क्षेत्र पहुंचे। जहां उद्यमियों को बार-बार होने वाली विद्युत ट्रिपिंग से हो रही परेशानी से रूबरू होने के बाद उच्चाधिकारियों से वार्ता कर आंदोलन चेतावनी दी। नतीजतन एक्सईएन नरेन्द्र भटनागर शनिवार शाम बिजयनगर एवीवीएनएल दफ्तर पहुंचे। यहां एईएन केसी मीणा व जेईएन अरुणा से बार-बार ट्रिपिंग के कारणों से अवगत हुए। वहीं ट्रांसफार्मरों के हालात भी जाने। बाद में दफ्तर में जनप्रतिनिधियों व उद्यमियों से वार्ता की। वार्ता के दौरान पालिकाध्यक्ष सांखला व उद्योग संघ अध्यक्ष धम्माणी ने विगत तीन माह से लगातार दिन में बार-बार ट्रिपिंग से उद्योग धन्धों पर मंडराए संकट से अवगत कराया। वहीं पालिकाध्यक्ष सांखला ने आमजन को भीषण गर्मी के दौर में इससे हो रही परेशानी को गंभीरता से लेने की बात कही। पार्षद तिवारी ने समस्या से अवगत कराने दफ्तर में पहुंचने वाले आमजन से स्थानीय अधिकारियों के रवैये पर भी गहरी नाराजगी जताई। बाद में एक्सईएन भटनागर ने एमडी बीएम भामु से वार्ता करते हुए अवगत कराया कि क्षमता से अधिक भार होने के कारण ट्रांसफार्मर की दिन में कई बार सांसें फूल जाने से उत्पन्न समस्या से अवगत कराते हुए अधिक क्षमता का ट्रांसफार्म लगाने की मांग रखी। इस पर एमडी ने 5 एमवी का नया ट्रांसफार्मर भिजवाने की स्वीकृति दी। ट्रांसफार्मर रविवार को बिजयनगर पहुंचेगा। इस सन्दर्भ में एक्सईएन ने अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी प्रदान किए।
ट्रांसफार्मर का अवलोकन करटे एवीवीएनएल के एक्सइएन नरेन्द्र भटनागर।
आज बंद रहेगी विद्युत आपूर्ति
रविवार को एवीवीएनएल द्वारा पावर ट्रांसफार्मर बदलने की कार्यवाही की जाएगी। इससे बिजयनगर से जुड़े समस्त फीडरों की दोपहर 2 बजे से शाम 7 बजे तक विद्युत आपूर्ति बंद रखी जाएगी।
एसी से बढ़ा विद्युत उपभोग का भार : वार्ता के दौरान यह भी बात सामने आई कि कई मकानों में एक से ज्यादा लगे एयर कंडीशनर की वजह से भी इन दिनों विद्युत उपभोग का भार बढ़ा हुआ है। एक्सईएन से वार्ता के दौरान दफ्तर पहुंचे उद्यमियों ने इस बात को लेकर भी नाराजगी जाहिर की विद्युत कनेक्शन व भार वृद्धि व भार कम करने से संबंधित कई पत्रावलियां अरसे से लंबित चल रही हैं।