िबजयनगर| पालिका अध्यक्ष सचिन सांखला व अन्य स्थानीय कांग्रेसियों के शिष्टमंडल ने सोमवार को जिला कलेक्टर आरती डोगरा व सांसद रघु शर्मा से मुलाकात कर बिजयनगर व आसपास के क्षेत्र में भीषण गर्मी के दौर में चरमराई जल वितरण समस्या से अवगत कराते हुए निदान की मांग की। शिष्टमण्डल ने अवगत कराया कि बिजयनगर पालिका एवं पेराफेरी क्षेत्र में जलदाय विभाग की अनदेखी के चलते आमजन को भीषण गर्मी में पेयजल समस्या से जूझना पड़ रहा है। लोगों को मंहगी दरों पर टैंकरों व अन्य संसाधनों के जरिए पानी मंगवाने के लिए विवश होना पड़ रहा है। शिष्टमंडल ने अवगत कराया कि करीब 90 घंटों के अंतराल में जलापूर्ति की जा रही है। जिसे 36 घंटे के अंतराल में करवाया जाना आवश्यक है। इतना ही नहीं विद्युत कटौती के चलते यहां तक बीसलपुर का पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पाने एवं कई जगह पाइप लाइनों के क्षतिग्रस्त एवं रिसाव होने से व्यवस्था आए दिन चौपट हो रही है। उन्होंने बताया कि कई जगहों पर पम्प एवं पनघट योजना से जुड़े हैड़पंप खराब होने से समस्या और विकराल हो चुकी है।