नगर के नाट्य श्रोता 26 से 30 मई तक पांच नाटकों के मंचन से रूबरू होंगे। संकल्प नाट्य समिति, नगर विकास न्यास और मानव संसाधन विकास मंत्रालय की ओर से आयोजित संकल्प रंग महोत्सव का आयोजन रवींद्र रंगमंच पर होगा। महोत्सव के दौरान प्रतिदिन सायं 7.30 बजे नाटक का मंचन किया जाएगा। संकल्प नाट्य समिति के महामंत्री आनंद वि.आचार्य ने बताया कि महोत्सव के पहले दिन 26 मई को मधु आचार्य ‘आशावादी’ के लिखे उपन्यास ‘गवाड़’ पर आधारित नाटक ‘गवाड़’ का मंचन किया जाएगा। दूसरे दिन स्व.शंकर शेष के लिखे नाटक ‘फंदी’ का मंचन जफर खान के निर्देशन में होगा। वहीं तीसरे दिन विजय शर्मा के लिखे और रामसहाय हर्ष के निर्देशन में नाटक ‘अम्मा’ का मंचन, चौथे दिन आनंद वि.आचार्य के लिखे नाटक ‘काया में काया’ का मंचन केशव गुप्ता के निर्देशन में किया जाएगा। महोत्सव के समापन पर पांचवे दिन 30 मई को डॉ.प्रदीप कुमार के लिखे और देशराज मीणा के निर्देशन में नाटक ‘श्यामकली का जादू’ का मंचन किया जाएगा। महोत्सव की जानकारी देते हुए नगर विकास न्यास अध्यक्ष महावीर रांका ने बताया कि महोत्सव के दौरान नगर के रंग श्रोताओं को रंगकर्म के विभिन्न आयामों से रूबरू होने का मौका भी हासिल होगा।