क्राइम रिपोर्टर | बीकानेर/छत्तरगढ़
प्रेम संबंधों के कारण दोस्त को साथ बैठाकर शराब पिलाई। नशा सिर चढ़कर बोला तो दो दोस्तों ने मिलकर तीसरे की हत्या कर दी और शव कुएं में फेंककर फरार हो गए। पुलिस ने एक अभियुक्त को राउंडअप कर लिया है और दूसरे की तलाश की जा रही है।
छत्तरगढ़ पुलिस थाने के एसएचओ विकास बिश्नोई ने बताया कि राजासर भाटियान निवासी लाल खां (20) और केला गांव निवासी लियाकत अली व चन्दूराम मेघवाल तीनों दोस्त थे। 18 मई को सायंकाल लियाकत और चन्दूराम योजना बनाकर लाल खां को अपने साथ ले गए और राजासर भाटियान में सूखे तालाब के पास बैठकर तीनों ने शराब पी। लियाकत के एक युवती से प्रेम संबंध हैं। इस बात पर उसकी लाल खां से अनबन हो गई। आरोप है कि लियाकत और चन्दूराम ने मिलकर लाल खां का गला घोंटकर उसे मार दिया और शव वहां बने एक गहरे कुएं में फेंककर फरार हो गए। रविवार को लाल खां का शव कुएं में पड़ा मिला जिसे सोमवार को सुबह निकालकर मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया गया है। शव के गले पर निशान है। जिससे गला घोंटकर हत्या करने की आशंका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत का कारण स्पष्ट होगा। लाल खां के भाई मुश्ताक की रिपोर्ट पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर चन्दूराम को राउंडअप कर लिया है। लियाकत फरार है जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि चन्दूराम ने पूछताछ में हत्या का कारण लियाकत के युवती से प्रेम संबंध बताया है। लेकिन, उसके प्रेम संबंध किसी युवती से है और लाल खां का उस युवती से क्या संबंध है जिसकी वजह से उसकी हत्या की गई, यह पता नहीं चल पाया है। लियाकत की गिरफ्तारी के बाद इसका खुलासा होगा।
छत्तरगढ़ के राजासर भाटियान की वारदात, एक अभियुक्त राउंडअप, दूसरा फरार
शाम को गुमशुदगी करवाई
रात को शव मिल गया
राजासर भाटियान निवासी लाल खां 18 मई की शाम से लापता था। परिजन उसे तलाश रहे थे। जब वह नहीं मिला ताे परिजनों ने रविवार को सायंकाल छत्तरगढ़ पुलिस थाने में गुमशुदगी दर्ज करवा दी। उसके बाद भी परिजन खोजबीन में लगे रहे और रात को 10 बजे गांव के कुएं में लाल खां का शव पड़ा मिला। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन कुआं गहरा होने और अंधेरा होने के कारण सोमवार को सुबह लाल खां का शव कुएं से बाहर निकाला गया। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया और शव का पोस्टमार्टम करवाया।
ऐसे हुआ खुलासा : लाल खां 18 मई से लापता था। उसी दिन वह लियाकत अली और चन्दूराम के देखा गया था। परिजनों को इसकी जानकारी मिली और खोजबीन शुरू की। चन्दूराम हाथ लगा और उसने पूछताछ में लाल खां की हत्या की घटना बता दी। फिलहाल वह स्वयं को हत्या करने में शामिल नहीं बता रहा है, लेकिन लियाकत की गिरफ्तारी के बाद हत्याकांड की परतें खुल जाएंगी।
मृतक और अभियुक्त आपस में दोस्त भी, रिश्तेदार भी : मृतक लाल खां और अभियुक्त लियाकत अली दोनों प्राइवेट बस में खलासी का काम करते थे। दोनों दोस्त थे और साथ उठना-बैठना, खाना-पीना था। लाल खां की बहिन की शादी लियाकत के भाई के साथ हुई थी। इसलिए दोनों रिश्तेदार भी थे। चन्दूराम और लियाकत दोनों केला गांव के होने के कारण दोस्त हैं। चन्दूराम की लाल खां से भी दोस्ती थी।