शहर कांग्रेस कार्यालय में राजीव गांधी को श्रद्धांजलि देते हुए नशा मुक्ति की शपथ लेते कांग्रेसी कार्यकर्ता । पंचशती सर्किल पर राजीव गांधी मूर्ति पर माल्यार्पण करने पहुंचे कांग्रेसी नेता।
सिटी रिपोर्टर | बीकानेर
शहर एवं देहात कांग्रेस के अलावा कांग्रेस समर्थित संगठन, संस्था व समितियों ने शहर के अलग-अगल जगहों पर सोमवार को पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 27वीं पुण्यतिथि पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
शहर कांग्रेस कमेटी ने डागा चौक स्थित कार्यालय पर पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को श्रद्धांजलि दी। साथ ही विचार गोष्ठी आयोजित कर उनके द्वारा किए गए कार्यो को याद किया। कार्यक्रम में शहर अध्यक्ष यशपाल गहलोत, रामचंद्र साध, श्रीलाल व्यास, हीरालाल व्यास सहित अन्य मौजूद थे। वहीं देहात कांग्रेस ने पार्टी कार्यालय में राजीव गांधी की पुण्यतिथि को बलिदान दिवस के रूप में मनाया।
देहात अध्यक्ष महेंद्र गहलोत ने बताया कि कार्यक्रम में मौजूद विधायक भंवर सिंह भाटी, मार्शल प्रहलाद सिंह, नारायणसिंह व सुषमा बारूपाल समेत अन्यों ने मौन धारण कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने बताया कि पीबीएम परिसर में पौधा रोपण व जरूरतमंदों को फल दिए गए। स्वर्गीय राजीव गांधी स्मारक समिति के संयोजक चंद्र प्रकाश गहलोत ने राजीव गांधी को याद करते हुए उन्हें कंप्यूटर क्रांति का जनक बताया। राजीव गांधी प्रतिमा कमेटी एवं मानव सेवा संस्थान के दिनेश व्यास ने बताया कि इस दिन गायों को हरा चारा व गुड़ खिलाया। साथ ही राजीव गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। आनंद बोहरा ने भी श्रद्धांजलि दी। राजस्थान कामगार कांग्रेस के विजय आचार्य ने बताया कि पुष्करणा स्टेडियम के पास गायों को हरा चारा खिलाया। उन्होंने बताया कि राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर संगठन पदाधिकारियों ने गो-रक्षा का संकल्प लिया। राजस्थान प्रदेश राजीव गांधी यूथ फेडरेशन ने पूर्व पीएम राजीव गांधी की पुण्यतिथि को आतंकवाद विरोधी दिवस के रूप में मनाया। फेडरेशन के मोहम्मद रमजान ने बताया कि कार्यालय में पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर डॉ. राजवेंद्र, मोहम्मद जमील व हैदर अली थईम मौजूद थे। राजस्थान कांग्रेस कमेटी, खेलकूद प्रकोष्ठ ने दाउसर हाउस में राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर बलिदान दिवस मनाया। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी, एससी विभाग ने इस मौके पर करमीसर स्थित बाबा रामदेव मंदिर में बैठक की। सांगीलाल वर्मा ने कहा कि राजीव गांधी आधुनिका भारत के निर्माता है। बैठक में सतीश चांवरियां, हीरालाल, कैलाश सहित कई लोग मौजूद थे।