जयपुर में जन्मी व कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत को पदक जिताने वाली अंतरराष्ट्रीय निशाने बाज अपूर्वी चंदेला समेत राज्य के 17 अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को राज्य सरकार उपनिवेशन क्षेत्र जैसलमेर में भूमि आबंटित करेगा।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक हासिल करने वाले खिलाड़ियों को निशुल्क और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भाग लेने वालों को आरक्षित दर पर मुरबे मिलेंगे। राज्य में ऐसे 17 खिलाड़ी हैं जिन्होंने पदक हासिल किए हैं या अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। उपनिवेशन आयुक्त एल.एन.मीणा ने सारी पत्रावलियां जैसलमेर के डिप्टी कमिश्नर को भेज दी हैं। दरअसल पहले इन खिलाड़ियों को रामगढ़ में भूमि आरक्षित की गई थी। कुछ को भूमि आबंटित भी हो गई थी। इसमें से कुछ ने कब्जा ले लिया लेकिन कुछ खिलाड़ियों ने सरकार को पत्र लिखकर बीकानेर के आसपास भूमि की मांग की थी। खिलाड़ियों के आग्रह पर मामला सरकार तक पहुंचा लेकिन अंत में सरकार ने जैसलमेर में ही भूमि आबंटन करने का निर्णय लिया है। शीघ्र ही आबंटन तिथि निर्धारित होकर इन्हें भूमि आबंटित की जाएगी। आयुक्त मीणा ने बताया कि दो साल से मामला पेंडिंग चल रहा था लेकिन सरकार से मामला स्पष्ट होने के बाद अब शीघ्र ही आबंटन होगा।
आबंटन प्रक्रिया मंजूर कर आयुक्त ने जैसलमेर अधिकारियों को आबंटन के दिए निर्देश
ओड-बाजीगर परिवारों को जैसलमेर कलेक्टर करेंगे आबंटन
न्यायालय से मामला जीतने के बाद करीब 385 ओड परिवार और 95 बाजीगर परिवारों को जैसलमेर कलेक्टर रेवेन्यू क्षेत्र में भूमि आबंटित करेंगे। ये भी मामला 2009 से चल रहा था। हाल ही में इनको न्यायालय से राहत मिली और अब इनके लिए कमेटी बनाकर आबंटन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसकी पत्रावलियां भी जैसलमेर के अधिकारियों को भेज दी गई हैं। फिलहाल अभी भी उपनिवेशन क्षेत्र में तमाम ऐसे प्रकरण लंबित हैं जिन पर फैसला नहीं हो पा रहा है और उसी में खिलाड़ी और ओड परिवार भी शामिल थे लेकिन अब इन दोनों का ही मामला निस्तारित हो चुका है।