बीकानेर संभाग मुख्यालय पर उच्च न्यायालय की बैंच स्थापित करने की मांग करते हुए सेामवार को बार ऐशोसिएशन की ओर से एक दिन का सांकेतिक कार्य स्थगित कर विरोध जताया गया। ऐशोसिएशन सचिव सुभाष सहू ने बताया कि इस दौरान जिला कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। सहू ने बताया कि बीकानेर में हाईकोर्ट की बैंच की मांग को लेकर लंबे अरसे से आंदोलन चल रहा है। आंदोलन के तहत 125 दिनों तक हड़ताल कर अदालतों में कार्य स्थगित भी रखा गया था। राज्य सरकार द्वारा बीकानेर की मांग को नजरअंदाज कर उदयपुर के आंदोलन को शांत करने के लिए विधि राज्यमंत्री की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय कमेटी का गठन किया जा रहा है। राज्य सरकार के इस कदम पर बीकानेर के अधिवक्ताओं में रोष है। सोमवार को बैंच की मांग पर सभी अधिवक्ताओं ने कार्य स्थगित रख विरोध जताया। इस मौके पर केंद्रीय राज्यमंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने बार रूम में पहुंचकर बीकानेर के वकीलों की मांग को अपना समर्थन देते हुए कहा कि बीकानेर के वकीलों के हितों पर कुठाराघात नहीं होगा। बीकानेर में बैंच स्थापना के संबंध में मेघवाल ने 23-24 मई को केंद्रीय विधिमंत्री से मुलाकात कर मांग रखने की बात कही। इस मौके पर सभापति धन्नेसिंह राठौड़, एड.आर.के.दास गुप्ता, अध्यक्ष संतनाथ योगी, मनीष व्यास, जोगेंद्र जोइया, प्रेमप्रकाश विश्नोई, मुराद अली, सत्यपाल सहू, जगदीश शर्मा, दाउलाल हर्ष, जगदीश सेवग, रविकांत वर्मा, कुलदीप शर्मा सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद थे।
बार रूम में वकीलों को संबोधित करते केन्द्रीय राज्यमंत्री अर्जुनराम मेघवाल।
जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते वकील।