बीकानेर | प्लास्टिक बोतल, कप, प्लेट और बैग के उपयोग से होने वाले दुष्परिणाम, पानी में प्रदूषण से मछलियों को पहुंच रही हानि, अपने आसपास स्वच्छता काे कायम रखने और कचरा पात्रों का उपयोग संकल्पित भाव से करने का संदेश देते हुए बच्चों ने रविवार को विभिन्न रंगों का प्रयोग करते हुए चित्र उकेरे। संदेश दिया कि स्वच्छता और पर्यावरण की रक्षा हमारे जीवन के लिए कितनी जरुरी है। मौका था पर्यावरण एवं वन मंत्रालय की नेशनल ग्रीन कोर योजना के तहत प्लास्टिक प्रदूषण मुक्त अभियान आयोजन का। राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड मंडल मुख्यालय की ओर से अभियान के दौरान विद्यार्थियों के लिए पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। पवनपुरी स्थित अर्जन प्रीपरडेंस स्कूल में हुई प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न वर्गों के विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाओं को रंग देते हुए चित्र उकेरे। प्रतियोगिता समन्वयक जसवंत सिंह राजपुरोहित ने बताया कि दो वर्गों में आयोजित प्रतियोगिता में कनिष्ठ वर्ग में कुनाल, धनिष्ठा और विदिता तथा वरिष्ठ वर्ग में ज्योति, राधिका और कशिश विजेता रहे। निर्णायक के रुप में चित्रकार श्रीवल्लभ पुरोहित मौजूद थे।