रेजीडेंट डाक्टर्स ने एक बार फिर हड़ताल की चेतावनी दे दी है। मुद्दा है, सातवें वेतन आयोग का लाभ और एरियर। घोषणा की है, इन सर्विस रेजीडेंट डाक्टर्स यानी सीएएस पीजी रेजीडेंट्स को पांच जून तक सातवें वेतन आयोग के मुताबिक वेतन और अक्टूबर महीने से एरियर नहीं मिला तो छह अक्टूबर से हड़ताल पर जाएंगे।
रेजीडेंट डाक्टर्स एसोसिएशन आरडीए की बीकानेर इकाई के प्रतिनिधियों ने प्राचार्य के नाम इस संबंध में पत्र दिया है। आरडीए अध्यक्ष विजय पूनिया का कहना है, राज्य सरकार ने कॉलेज स्तर पर सातवें वेतनमान के भुगतान का आदेश दिया था। इस लिहाज से अप्रैल 2018 में एरियर की किस्त देय थी। संगठन की मीटिंग में यह निर्णय लिया है कि जिन सीएएस पीजी रेजीडेंट्स के ऑप्शन फॉर्म सहित अन्य दस्तावेज जमा करवाए जा चुके हैं उन्हें मई का वेतन सातवें वेतन आयाेग के निर्णयानुसार ही दिया जाए। इसके साथ ही अक्टूबर 2017 से बकाया एरियर दिया जाए। ऐसा नहीं हुआ तो छह जून को सुबह आठ बजे से कार्य बहिष्कार करेंगे।