आनंदपाल गैंग का इनामी गुर्गा तेजपालसिंह पीबीएम अस्पताल में भर्ती, सुरक्षा में 15 पुलिसकर्मी तैनात
आनंदपालसिंह गैंग के गुर्गे तेजपालसिंह को दुर्घटना में घायल होने पर चूरू से बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में रैफर किया गया है। पीबीएम अस्पताल के कैदी वार्ड में 15 पुलिसकर्मी उसकी सुरक्षा में तैनात हैं।
नागौर में आनंदपाल की फरारी और पुलिस पर फायरिंग में शामिल रहा गैंगस्टर रविवार को सायंकाल चूरू में कार की टक्कर लगने से घायल हो गया था। उसके सिर में चोट आई और पैर में फ्रेक्चर है। मंगलवार को सुबह उसे बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में रैफर किया गया। चूरू पुलिस उसे कड़ी सुरक्षा में बीकानेर लेकर आई। बीकानेर के पुलिस अधिकारी सतर्क हो गए और पीबीएम अस्पताल में सुरक्षा की दृष्टि से फोर्स तैनात कर दी। तेजपालसिंह को ट्रोमा सेंटर ले जाया गया जहां उसका इलाज किया और फिर अस्पताल के कैदी वार्ड में भेज दिया गया। चूरू पुलिस के दो कांस्टेबल और आठ कांस्टेबल के अलावा बीकानेर पुलिस लाइन से भी एक एएसआई और चार कांस्टेबल सुरक्षा की दृष्टि से कैदी वार्ड में तैनात किए गए हैं। गौरतलब है कि गैंगस्टर तेजपाल रविवार को सायंकाल बाइक पर सवार होकर सीकर से नोहर जा रहा था। चूरू में कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी जिससे वह घायल हो गया था। पुलिस से बचने के लिए वह राजवीर नाम से सरकारी अस्पताल में भर्ती हुआ। इस दौरान शक होने पर पुलिस ने उसके सामान की तलाशी ली तो उससे रिवाल्वर, 12 कारतूस और चाकू बरामद हो गया और उसकी पहचान भी हो गई थी। तेजपाल पर पुलिस मुख्यालय ने 50,000 रुपए का इनाम घोषित कर रखा है।
आनंदपालसिंह की फरारी में साथ था तेजपालसिंह
नागौर में आनंदपालसिंह की फरारी और पुलिस पर फायरिंग की वारदात में तेजपालसिंह उसके साथ था। इसके अलावा गैंगवार और अन्य आपराधिक वारदातों में भी अलग-अलग थानों की पुलिस तेजपालसिंह को तलाश रही थी। लंबे समय से फरार चल रहा तेजपालसिंह रविवार को चूरू पुलिस के हत्थे चढ़ गया। उसके खिलाफ चूरू के कोतवाली पुलिस थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।