तेल से अभिषेक, हवन व महाआरती की, भजनों से शनिदेव को रिझाया
सूर्यपुत्र शनिदेव के जन्मदिवस के मौके पर मंगलवार को नगर के सभी शनि मंदिरों में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान मंदिरों में सुबह से ही तेलाभिषेक, हवन, छप्पनभोग और महाआरती का आयोजन प्रारंभ हो गया वहीं मंदिरों में देर रात तक श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। नया कुआं स्थित शनि मंदिर सहित पब्लिक पार्क स्थित शनि मंदिर तथा मेडिकल कॉलेज से आगे पवनपुरी चौराहे पर स्थित शनि मंदिर, उदासर स्थित शनिमंदिर के साथ ही सभी शनि मंदिरों में मेले का सा माहौल नजर आया। शनि भगवान के जन्मोत्सव के दौरान पब्लिक पार्क स्थित शनि मंदिर में भगवान शनिदेव की प्रतिमा पर तेल से अभिषेक के साथ ही महाआरती और भंडारे का आयोजन किया गया। वहीं पवनपुरी स्थित शनि मंदिर में मंदिर ट्रस्ट की ओर से अभिषेक और जागरण का आयोजन किया गया। पुजारी कैलाश किशन भार्गव ने बताया कि इस मौके पर राजेश मित्तल, बालकिशन अग्रवाल, विकास रस्तोगी, सोनूराज आसुदानी आदि ने पूजन किया। इस दौरान मंदिर में जागरण का आयोजन भी किया गया। वहीं जयपुर रोड स्थित दुर्गा कॉलोनी में शनि सिंगणापुर धाम मंदिर में हवन, अभिषेक और पूजन का आयोजन किया गया। पुजारी प्रेमप्रसाद भृगुवंशी ने बताया कि शनिदेव जन्मोत्सव के मौके पर मंदिर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संत आत्माराम महाराज, बाबा लखनदास महाराज और वेदप्रकाश अग्रवाल आदि मौजूद थे।