पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

शहर में तीन स्थानों पर आरयूबी का मामला

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रानीबाजार रेलवे क्रॉसिंग के नीचे आरयूबी निर्माण के लिए सड़क की चौड़ाई कम पड़ रही है। वहीं दूसरी तरफ मरुधरा कॉलोनी की तरफ आरयूबी को फिजिबल नहीं माना है। दिल्ली से आए कंसलटेंट ने यूआईटी के अभियंताओं के साथ मंगलवार को मीटिंग कर तकनीकी अड़चनें पर चर्चा की।

यूआईटी ने स्वस्तिक प्राइम नामक एक कंसलटेंट कंपनी को शहर में तीन स्थानों पर आरयूबी के लिए सर्वे और नक्शा तैयार करने का काम सौंप रखा है। रानी बाजार रेलवे क्रॉसिंग, मरुधरा नगर रेलवे क्रॉसिंग और लालगढ़ रेलवे हॉस्पिटल के सामने अंडर ब्रिज का निर्माण प्रस्तावित है। इसके लिए दस करोड़ का बजट प्रावधान किया गया है। तीनों स्थानों पर सर्वे का काम पूरा हो चुका है। अब तकनीकी अड़चनों को दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। कंसलटेंट कंपनी के दो प्रतिनिधि इसी सिलसिले में मंगलवार को बीकानेर आए थे। यूआईटी एक्सईएन ओम प्रकाश गोदारा के साथ उन्होंने लंबी चर्चा की। गोदारा ने बताया कि लालगढ़ क्षेत्र में आरयूबी के संबंध में रेलवे के इंजीनियरों से भी चर्चा की जाएगी।

रानीबाजार में सड़क की चौड़ाई कम, मरुधरा में फिजिबल नहीं

यूआईटी अभियंताओं की दिल्ली से आए कंसलटेंट के साथ हुई मीटिंग, आरयूबी निर्माण में आ रही तकनीकी अड़चनों पर चर्चा, तीन स्थानों पर आरयूबी निर्माण के लिए 10 करोड़ का बजट प्रस्तावित

रानी बाजार क्रॉसिंग के पास सड़क की चौड़ाई बढ़ानी होगी : रानी बाजार रेलवे क्रॉसिंग से आंबेडकर सर्किल की तरफ सड़क की चौड़ाई 175 मीटर है, जो काफी पर्याप्त है। लेकिन क्रॉसिंग के उस पर चौड़ाई 117 मीटर की है। आरयूबी के दोनों तरफ भी रास्ता छोड़ना पड़ेगा। इसलिए सड़क की चौड़ाई बढ़ानी होगी। यूआईटी एक्सईएन ओम प्रकाश गोदारा ने बताया कि आस-पास के भवन मालिकों से बातचीत की जाएगी।

लालगढ़ क्षेत्र में आरयूबी निर्माण पर स्टडी : लालगढ़ रेलवे हॉस्पिटल के सामने रेलवे की पटिरयों के नीचे से आरयूबी का निर्माण होना है। ट्रैफिक पोइंट के हिसाब से वहां काफी दिक्कत है। दो-तीन सड़कें बीच में आ रही हैं। सड़क की चौड़ाई की मात्र पांच मीटर ही है। आरयूबी में पानी भरने और अंधेरा रहने की समस्या रहेगी। इस संबंध में रेलवे के अधिकारियों से चर्चा चल रही है।

मरुधरा कॉलोनी में फिजिबल नहीं : मरुधरा कॉलोनी रेलवे क्रॉसिंग की तरफ आरयूबी को कंसलटेंट कंपनी ने फिजिबल नहीं माना है। रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण भारी वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है। सड़क की चौड़ाई भी 80 मीटर ही है, जबकि 150 मीटर चाहिए। सड़क के नीचे से निकालना भी खतरनाक है।

आरयूबी निर्माण को लेकर प्रयास चल रहे हैं। कंसलटेंट कंपनी के प्रतिनिधियों के साथ यूआईटी अभियंताओं ने मीटिंग की है। उन्होंने जो तकनीकी अड़चनें बताई हैं उन्हें दूर करने की किया जाएगा। संभवतया अगले माह तक एनआईटी जारी कर दी जाएगी। महावीर रांका, यूआईटी चेयरमैन

खबरें और भी हैं...