संपर्क सभा के दौरान जवानों को संबोधित करते आईजी बिपिन कुमार पाण्डेय और एसपी सवाईसिंह गोदारा।
क्राइम रिपोर्टर | बीकानेर
पुलिस लाइन में दो आतंकवादी घुस गए। उन्होंने एक एसआई का अपहरण कर उसे गेस्ट हाउस में बंद कर दिया। जिला पुलिस को इसका पता चला तो कोबरा टीम को ऑपरेशन की कमान सौंपी। कोबरा टीम के जवानों ने मोर्चा संभाला। गेस्ट हाउस की घेराबंदी की। हथियारबंद आतंकियों का सामना किया। जवाबी फायरिंग में एक आतंकी को मार गिराया और दूसरे को जिंदा पकड़ लिया। एसआई को सुरक्षित छुड़ा लिया।
ये पूरा घटनाक्रम बीकानेर रेंज के आईजी बिपिन कुमार पाण्डेय और एसपी सवाईसिंह गोदारा ने देखा। अवसर था, आईजी की ओर से जिला पुलिस के निरीक्षण का जिसमें पुलिस लाइन में आतंकवादियों से सामना और अपहरण किए गए एसआई को छुड़ाने का डेमोस्ट्रेशन किया गया। इसके अलावा पुलिसकर्मियों ने मर्डर सीन का भी डेमो किया जिसमें डॉग के जरिये हत्यारे को पकड़ा गया। जिला पुलिस के दो दिवसीय निरीक्षण के पहले दिन आईजी ने पुलिस लाइन में परेड की सलामी ली। जवानों की संपर्क सभा में उनकी समस्याएं सुनी और उन्हें संबोधित भी किया। आईजी ने पुलिस लाइन के क्वार्टर गार्ड, मैस, एमटी शाखा, पेट्रोलपंप, अस्तबल शाखा, आर्म्स शॉप, कैंटीन का निरीक्षण किया। मैस का खाना भी चखा। पुलिस लाइन के निरीक्षण के दौरान एसपी सवाईसिंह गोदारा, एएसपी सिटी पवन कुमार मीणा, एएसपी ग्रामीण लालचंद कायल, सभी सर्किल के सीओ और पुलिस थानों के एसएचओ मौजूद थे। शनिवार को आईजी श्रीडूंगरगढ़ के सीओ ऑफिस और एसपी ऑफिस का निरीक्षण करेंगे।