बीकानेर | कर्नाटक में सरकार बनाने के लिए सुप्रीम कोर्ट की ओर से 24 घंटे में बहुमत सिद्ध करने के दिए गए आदेश पर भले ही देशभर में कांग्रेस-भाजपा के अपने-अपने दावे सामने आ रहे हों लेकिन भाजपा की यूथ विंग यानी युवा मोर्चा के जनरल सेक्रेट्री सौरभ चौधरी का दावा है, शाह-मोदी की जोड़ी 24 घंटे तो दूर 24 सैकंड में बहुमत सिद्ध कर सकती है। कर्नाटक के नतीजों को वे भाजपा के पक्ष में दिया गया जनता का विश्वास बताया।
चुनाव के दौरान कर्नाटक में काम कर चुके चौधरी ने कहा, जनता ने सबसे बड़ी पार्टी बनाया है। लोगों का विश्वास भाजपा में है। इस बढ़े विश्वास ने विपक्ष में डर पैदा कर दिया है। यही वजह है कि पहले यूपी में बुआ-भतीजा एक हो गए अब कर्नाटक में चुनाव के बाद विपक्ष का बेमेल गठबंधन देखने को मिल रहा है। चुनाव के लिहाज से भाजपा प्रदेश युवा मोर्चा के प्रभारी के तौर पर काम देख चौधरी का कहना है, राजस्थान सहित जिन राज्यों में आगे चुनाव होने हैं वहां भाजपा पूर्ण बहुमत से सरकारें बनाएंगी। राजस्थान के हालात में जब प्रदेशाध्यक्ष तक तय नहीं हो पा रहा है? पार्टी में गुटबाजी साफ है? एंटी इनकंबेंसी की भी बातें हो रही हैं? ऐसे में सरकार दोहराने का आधार क्या मानते हैं? सवाल पर बोले-पार्टी में कोई गुटबाजी नहीं है। अध्यक्ष तय करना पार्टी की एक सामान्य प्रक्रिया है जो जल्द हो जाएगा। वसुंधरा राजे के नेतृत्व की देशभर में एक खास साख है। संगठन महामंत्री चंद्रशेखर पहले पश्चिम यूपी में बेहतर काम कर चुके हैं अब राजस्थान में भी वे पूरी तरह संगठन को मजबूत बना रहे हैं।
चुनाव केन्द्रित बूथ लेवल वाट्सएप ग्रुप
चुनावों पर केन्द्रित कार्यक्रमों के लिहाज से राजस्थान में 200 विधानसभा क्षेत्रों में युवा मोर्चा कार्यक्रम कर रहा है। जनरल सेक्रेट्री चौधरी का कहना है, इस कड़ी में 138 विधानसभा क्षेत्रों में आयोजन हो चुके हैं। बूथ लेवल पर वाट्स एप ग्रुप बनाया जा रहा है। मंडल स्तर पर मिशन 256 पहले ही लांच किया जा चुका है। इसका मतलब है हर मंडल पर 256 कार्यकर्ताओं का ग्रुप। मध्यप्रदेश में अपनाई गई स्पेशल इलेवन कार्ययोजना की तर्ज पर देशभर में युवाओं की ऐसी ही टीम बनाने की योजना पर भी विचार हो रहा है।
युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं को करवा रहा राजनीति के इंटर्नशिप कोर्स, वालंटियर ट्रेनिंग
भाजयुमो ने समर इंटर्नशिप कोर्स लांच किया है। इसके आवेदन ऑनलाइन भरे जा रहे हैं। जनरल सेक्रेट्री सौरभ चौधरी का कहना है, पहले ही महीने में बढ़ी आवेदकों की तादाद देखते हुए सीटें 100 से बढ़ाकर 150 की गई हैं। इसी तरह मुंबई में देशभर के सलेक्टेड यंगस्टर को वालंटियर ट्रेनिंग दी जाएगी। दिल्ली में दो दिन की मीडिया वर्कशॉप कर अलग-अलग प्रदेशों से युवाओं को बुलाकर मीडिया फेस करने के तरीके सिखाएंगे और युवा प्रवक्ता तैयार करेंगे। इतना ही नहीं मोर्चा की योजना में मॉक पार्लियामेंट भी शामिल हैं। 150 लीगल बूथ तय किए हैं जहां जरूरतमंदों को विधिक सेवा और सहायता दी जाएगी।