यूथ कांग्रेस के प्रदेश सह प्रभारी विनीत कंबोज ने कहा कि यूथ कांग्रेस माइक्रो लेवल का काम करेगा। इसकी रणनीति पार्टी तैयार कर रही है और उसी के तहत अब बूथ की जिम्मेवारी यूथ को सौंपी जाएगी।
बीकानेर लोकसभा क्षेत्र में वन बूथ-10 यूथ उसी अभियान का हिस्सा है। शुक्रवार काे रानीबाजार में आयोजित यूथ चला बूथ की ओर कार्यक्रम के दौरान कंबोज ने कहा कि निष्क्रिय पदाधिकारियों की संगठन में कोई जगह नहीं। उनकी सूची तैयार हो रही है और उनकी जल्द ही छुट्टी होगी। जो संगठन में काम नहीं करेगा वो पद खाली करे ताकि सक्रिय कार्यकर्ता को जगह मिले। जिले के जेडआरओ मनोज सारण ने कहा कि जो विधानसभा और लोकसभा चुनाव में यूथ अपनी जिम्मेवारी निभाएगा उसी के आधार पर संगठन में उनको तवज्जो मिलेगी। सत्ता परिवर्तन का काम अब यूथ के जिम्मे है। लोकसभा अध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने संगठन की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि एक महीने के भीतर हम जिले के प्रत्येक बूथ 10-10 यूथ की टीम बनाकर पार्टी को बूथ की जिम्मेवारी से निश्चिंत करेंगे कि वो अन्य कामों पर ध्यान दे सकें।
इस मौके पर कांग्रेस के नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्ष रमजान कच्छावा, मगनलाल पाणेचा, मेघसिंह, धूलाराम, ओमप्रकाश, कानाराम, रविन्द्र कस्वां, सत्तू खां, रूपाराम का सम्मान किया गया। श्रीडूंगरगढ़ यूथ कांग्रेस के विधानसभा अध्यक्ष हरिराम बाना, नोखा के मनोज बिश्नोई, कोलायत के अशोक समेत कई पदाधिकारी मौजूद थे।
रानीबाजार में आयोजित वन बूथ 10 यूथ कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते यूथ कांग्रेस के प्रदेश सह प्रभारी विनीत कंबोज।