बीकानेर | नया शहर थाना क्षेत्र एरिया की मुक्ताप्रसाद कॉलोनी स्थित एक मकान में चोर दस लाख रुपए और सोने के जेवर चोरी कर फरार हो गया। चोरी की सूचना से एरिया में हड़कंप मच गया। मकान मालिक की रिपोर्ट पर पुलिस ने शुक्रवार को घटनास्थल का मौका मुआयना करते हुए संदिग्ध लोगों से पूछताछ की। साथ ही एरिया के आसपास में लगे सीसीटीवी कैमरों में फुटेज खंगाली। बावजूद पुलिस काे चोरों का कोई सुराग नहीं मिला। मकान मालिक गोविंदराम ने पुलिस को वह परिवार के साथ तीन दिन पहले छुट्टियां मनाने शिमला गया था। आकर देखा तो मकान का ताला टूटा हुआ मिला। घर में सारा सामान बिखरा हुआ देख उन्होंने अलमारी में रखे रुपए व जेवर संभाले, जो गायब थे। उन्होंने पुलिस को बताया कि घर में दस लाख 80 हजार रुपए व सोने का मंगलसूत्र व अन्य जेवर रखे हुए थे। पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।