अखिल भारतीय साहित्य परिषद, राजस्थान की ओर से दो दिवसीय प्रदेश महाधिवेशन का आयोजन आज से प्रारंभ होगा। 20 मई तक होने वाले इस महाधिवेशन के दौरान वार्षिक साहित्यकार सम्मेलन और पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा। वेटरनरी विश्वविद्यालय सभागार में होने वाले आयोजन का उद्घाटन आज सुबह 10 बजे किया जाएगा। वहीं आयोजन के तहत ‘साहित्य का सामर्थ्य’ विषय पर विभिन्न सत्रों में प्रदेश भर से हिस्सा लेने वाले साहित्यकार चर्चा करेंगे।
शुक्रवार को राजूवास गेस्ट हाउस में संवाददाता सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस दौरान परिषद के क्षेत्रीय संगठन मंत्री विपिनचंद्र ने आयोजन की जानकारी देते हुए बताया कि आयोजन के दौरान समाज में सामाजिक समरसता और सर्वांगीण विकास के लिए साहित्य की भूमिका पर विभिन्न सत्रों में चर्चा की जाएगी। इस मौके पर हमारा दृष्टिकोण स्मारिका का विमोचन तथा युवा साहित्यकारों का सम्मान भी किया जाएगा। प्रेस कांफ्रेंस के दौरान परिषद के प्रदेशाध्यक्ष डॉ.अन्नाराम शर्मा भी मौजूद थे।
अ.भा. साहित्य परिषद का प्रदेश महाअधिवेशन वेटरनरी सभागार में
दो दिवसीय आयोजन में ये होंगे कार्यक्रम
अखिल भारतीय साहित्य परिषद,राजस्थान की ओर से आयोजित दो दिवसीय प्रदेश महाधिवेशन का आयोजन वेटरनरी विश्वविद्यालय के सभागार में किया जाएगा। आयोजन के प्रथम दिन आज सुबह 10 बजे उद्घाटन समारोह होगा वहीं दोपहर 12 बजे प्रथम सत्र के तहत ‘साहित्य का सामर्थ्य और हमारा अधिष्ठान’ विषय पर, दूसरा सत्र दोपहर 3 बजे से ‘साहित्य का सामर्थ्य और राष्ट्र बोध’ विषय पर तथा तीसरा सत्र सायं 5 बजे ‘वर्तमान सामाजिक सांस्कृतिक चुनौतियां और युवा लेखन’ विषय पर आयोजित किया जाएगा। आयोजन के दूसरे दिन 20 मई को सुबह 9 बजे से मुक्त चिंतन सत्र होगा वहीं सुबह 11.30 बजे से ‘युवा लेखन के विविध रंग’ विषय पर पांचवे सत्र में चर्चा की जाएगी। आयोजन का समापन समारोह दोपहर 3 बजे आयोजित किया जाएगा।