नगर निगम में सफाई कर्मचारी भर्ती प्रक्रिया में वाल्मीकि समाज को प्रथम प्राथमिकता देने की मांग शुक्रवार को मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर की गई। भारतीय वाल्मीकि नवयुवक कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री हरिप्रकाश वाल्मीकि ने बताया कि ज्ञापन के माध्यम से भर्ती प्रक्रिया में समाज के योग्यजनों को ही प्राथमिकता देने की मांग की गई है। इस दौरान राकेश कुमार, नेमीचंद, मंगेज, जितेंद्र, रवि आदि मौजूद थे। वहीं अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस की ओर से जिला कलेक्टर, महापौर और निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर भर्ती प्रक्रिया के तहत स्क्रीनिंग कमेटीे और चयन समिति में पार्षद नंदलाल जावा को शामिल करने की मांग की गई है। संगठन के संभाग अध्यक्ष रवींद्र वाल्मीकि ने बताया कि प्रक्रिया को पारदर्शिता पूर्ण करने के लिए समाज के नंदलाल जावा को सदस्य नियुक्त करने की मांग की है। भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के पूर्व प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राजू पंडित ने भर्ती प्रक्रिया में वाल्मीकि समाज के लोगों को पत्र नगर निगम के साथ ही अन्य संस्थाओं और एजेंसियों के अनुभव प्रमाण पत्र भी मान्य करने की मांग की गई है।