बीकानेर | बीकानेर रेंज के आईजी बिपिन कुमार पाण्डेय ने जिले के सभी एसएचअो से कहा है कि वे एसी रूम से बाहर निकलकर फील्ड में काम करें।
आईजी पाण्डेय ने जिले के निरीक्षण के दौरान सदर पुलिस थाने के कांफ्रेंस हॉल में पुलिस अधिकारियों की क्राइम मीटिंग ली। इस दौरान उन्होंने कहा कि पुलिस थानों के एसएचओ एसी रूम से बाहर निकले और फील्ड में काम करें। फील्ड में लोगों से मिले, उनकी सुनें और अपराधियों के खिलाफ कार्यवाही करें। आईजी ने सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए रोकने के लिए प्रभावी उपाय करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि हाइवे पर गश्त करें और तेज गति से व शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्यवाही की जाए। आईजी ने जुआ-सट्टा रोकने और बड़े सटोरियों के खिलाफ कार्यवाही करने के लिए कहा।
उन्होंने अवैध हथियार, फायरिंग, संगठित और संपत्ति संबंधी अपराधों को अंजाम देने वालों को सलाखों के पीछे पहुंचाने के निर्देश दिए। मीटिंग में एसपी सवाईसिंह गोदारा ने जिले की आपराधिक और कानून-व्यवस्था की स्थिति की जानकारी दी। इस दौरान एएसपी सिटी पवन मीणा, एएसपी ग्रामीण लालचंद कायल सहित सभी सर्किल के सीओ और पुलिस थानों के एसएचओ मौजूद थे।