बीकानेर| भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने राज्य अभिलेखागार के निदेशक के खिलाफ कूटरचित दस्तावेजों से नौकरी हासिल करने का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
अभिलेखागार निदेशक महेन्द्र खड़गावत पर आरोप है कि उन्होंने तत्कालीन अधिकारियों से मिलीभगत कर कूटरचित दस्तावेजों से पुरालेखापाल के पद पर नौकरी हासिल की। जयपुर ब्यूरो में एएसपी अशोक सिंघल ने शिकायत की जांच की और आरोप प्रमाणित माने। जांच में पाया कि लोक सेवा आयोग की भर्ती से संबंधित तत्कालीन अधिकारी-कर्मचारियों व सचिव, कला एवं संस्कृति विभाग के तत्कालीन निदेशक ने भी पद का दुरुपयोग करते हुए नियमविरुद्ध तरीके से महेन्द्र को पुरालेखापाल पद पर नियुक्ति दी। इस आधार पर ब्यूरो ने निदेशक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।