बीकानेर| राज्य के 29 उच्च प्राथमिक और 15 माध्यमिक स्कूलों को अपग्रेड किया गया है।
इन स्कूलों की ग्राम पंचायतों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को अब 9वीं और 11वीं की पढ़ाई के लिए दूसरी स्कूल नहीं जाना पड़ेगा। माध्यमिक शिक्षा निदेशक नथमल डिडेल की ओर से जारी आदेश में 29 उच्च प्राथमिक स्कूलों को माध्यमिक और 15 माध्यमिक स्कूलों को उच्च माध्यमिक में क्रमोन्नत किया गया है। अपग्रेड हुए माध्यमिक स्कूलों में शिक्षा सत्र 2018-19 में 9वीं कक्षा में प्रवेश मिलेगा। वहीं उच्च माध्यमिक स्कूलों में 11वीं कक्षा में इसी सत्र से प्रवेश शुरू होंगे। जबकि अपग्रेड स्कूलों की 10वीं और 12वीं कक्षा में प्रवेश द्वितीय वर्ष से मिलेंगे। विदित रहे कि सीएम की बजट घोषणा 2018-19 के क्रम में इन स्कूलों को अपग्रेड किया गया है। शुक्रवार को 46 स्कूलों के क्रमोन्नति आदेश जारी किए गए थे।