ट्रेन में नौनिहालों की डाइट का खास ख्याल, स्टालों में मिल रहा शिशु आहार
ट्रेन में नौनिहालों के साथ सफर करने वाली महिलाओं को अब उनके आहार के लिए चिंतित नहीं होना पड़ेगा। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे जोन के 58 स्टेशनों के 185 स्टालों में शिशु आहार अनिवार्य तौर पर रखा गया है। अक्सर सफर के दौरान महिलाओं को नौनिहालों के आहार की चिंता सताती थी।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा व मांग को ध्यान में रखते हुए बिलासपुर जोन के 58 रेलवे स्टेशनों में खान-पान के 185 स्टालों पर शिशु आहार रखना अनिवार्य किया है। इसका उद्देश्य छोटे बच्चे, दूध मुंहे बच्चों के साथ सफर कर रहे परिवार को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। उन्हें आवश्यकतानुसार सभी प्रकार के ब्रांडेड शिशु आहार आसानी से स्टेशनों में ही उपलब्ध हो सके। जोन के बिलासपुर, रायपुर एवं नागपुर मंडल के अंतर्गत आने वाले ए-1, ए व बी श्रेणी के स्टेशनों के खान-पान स्टालों में बेबी फूड, शिशु आहार अनिवार्य तौर पर रखने के निर्देश दिए गए हैं। यह भी कहा गया है कि स्टाल संचालक समय-समय पर उनकी तारीख जांचे व सही सामान रखें। साधारण शिशु आहार में अमूल जैसे ब्रांडेड कंपनियों के दूध व अन्य प्रोडक्ट जैसे अमूल दूध, सेरेलैक जैसे अन्य प्रोडक्ट, गरम पानी, गर्म ताजा दूध हमेशा उपलब्ध हो सके ये निर्देश दिए गए हैं।
इन स्टेशनों में उपलब्ध हैं बेबी फूड
बिलासपुर रेल मंडल में 21 रेलवे स्टेशनों पर 89 स्टॉल, रायपुर रेल मंडल में 5 रेलवे स्टेशनों पर 47 स्टॉल एवं नागपुर रेल मंडल 32 रेलवे स्टेशनों में 49 स्टॉल सहित संपूर्ण दक्षिण पूर्व रेलवे में 58 रेलवे स्टेशनों में 185 स्टॉलों की सुविधा प्रदान की गई है। इस रेलवे के ए-1, ए व बी केटेगरी के रेलवे स्टेशन बिलासपुर, रायपुर सहित रायगढ़, चांपा, दुर्ग, भिलाई पावर हाउस, गोंदिया, राजनांदगांव, भंडारा रोड, अनूपपुर, कोरबा, शहडोल, अंबिकापुर, अकलतरा, पेंड्रारोड, उमरिया, भाटापारा, तिल्दा, इतवारी, छिंदवाड़ा, डोंगरगढ़, चांदा फोर्ट एवं रामटेक जैसे महत्वपूर्ण स्टेशन हैं।