पूर्व अधीक्षक ने परिवार समेत नेत्रदान का घोषणा पत्र सौंपा
सिम्स प्रबंधन को पूर्व सिम्स अधीक्षक परिवार सहित संकल्प फार्म सौंपते हुए।
सिटी रिपोर्टर | बिलासपुर
सिम्स के पूर्व चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आरआर तिवारी सहित परिवार के पांच सदस्यों ने नेत्रदान करने की इच्छा जाहिर की है। बुधवार को उन्होंने परिवार सहित नेत्रदान संकल्प फार्म भरकर सिम्स प्रबंधन को सौंपा। प्रभारी डीन डॉ. रमणेश मूर्ति नेत्रदान फार्म को सुरक्षित रिकार्ड में जमा करवा दिया है। इसके बाद डाॅ. तिवारी ने प्रभारी डीन से सिम्स संचालन के बारे में जानकारी ली। संकल्प फार्म जमा करने के बाद खुशी व्यक्त करते हुए डॉ. तिवारी ने कहा ऐसा मौका बार-बार नहीं आता। समाज के लोगों को नेत्रदान करने का संकल्प लेना चाहिए। नेचर सिटी निवासी डॉ. राजीव रतन तिवारी 70 वर्ष ने छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) में अधीक्षक के पद पर रहते हुए मरीजों की सेवा की। अब रिटायर्ड के बाद वे दृष्टिहीनों को रोशनी प्रदान करने दूसरों को जागरूक भी कर रहे हैं। उन्होंने परिवार के पांच अन्य सदस्यों को भी नेत्रदान करने प्रेरित किया है। डॉ. तिवारी की प्रेरणा के फलस्वरूप परिवार के सदस्य रश्मि देवी 62 वर्ष, शिव तिवारी 37 वर्ष, अज्ञेय नगर निवासी प्रीति तिवारी 42 वर्ष, स्वाति तिवारी 35 वर्ष ने नेत्रदान संकल्प फार्म भरकर प्रबंधन के पास जमा किए हैं। इनके सेवा भाव से समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचेगा। इससे अन्य लोगों को भी प्रेरणा मिलेगा। इस दौरान नेत्र विभाग के एचओडी डॉ. सुचिता सिंह, प्रभारी डीन डॉ. रमणेश मूर्ति, डॉ. बीपी सिंह, धर्मेंद्र उपस्थित रहे।