सांसद, संभागायुक्त और कलेक्टर ने ग्रामीणों के साथ की तालाब की सफाई
ग्राम स्वराज अभियान के दौरान बुधवार को सांसद, संभागायुक्त और कलेक्टर ने ग्रामीणों के साथ मिलकर कोटा ब्लॉक के ग्राम पटेता में एक तालाब की सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।
स्वच्छ भारत दिवस के मौके पर बुधवार को सुबह सांसद लखन साहू, बिलासपुर संभाग के कमिश्नर टीसी महावर व कलेक्टर पी. दयानंद ने स्कूली बच्चों व ग्रामीणों के साथ तालाब की सफाई में बड़े उत्साह के साथ श्रमदान किया। इस अवसर पर केन्द्र शासन की फ्लैगशिप सात योजनाओं की मॉनिटरिंग के लिए भारत सरकार द्वारा गठित टीम में शामिल उप सचिव रक्षा मंत्रालय जगजीत कुमार व अवर सचिव उच्च शिक्षा मंत्रालय दीप लकड़ा ने भी श्रमदान में भागीदारी निभाई। पटेता में स्वच्छ भारत दिवस के अवसर पर स्कूली बच्चों ने रंगोली, चित्रकला व वाद-विवाद प्रतियोगिता के माध्यम से स्वच्छता का संदेश भी दिया। गांव में स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए स्वच्छता रैली का भी आयोजन किया गया। रैली में स्कूली बच्चों सहित सभी लोगों ने ‘हम सबका एक ही नारा है- स्वच्छता को अपनाना है’, ‘हाथ से हाथ मिलाना है-स्वच्छता को अपनाना है’ का संदेश दिया। कार्यक्रम में सांसद ने कहा कि सभी ग्रामीण शौचालय का उपयोग करें, ताकि गांव में स्वच्छता बनी रहे। उन्होंने रंगोली, चित्रकला, वाद-विवाद प्रतियोगिता के विजेताओं व स्वच्छता कमांडो और प्रेरकों को पुरस्कृत किया। कलेक्टर ने ग्रामीणों को बताया कि ग्राम स्वराज अभियान के तहत 20 अप्रैल को उज्ज्वला दिवस मनाया जाएगा, जिसमें गैस कनेक्शन के वितरण के लिए पात्र हितग्राहियों का चयन किया जाएगा। साथ ही एलपीजी गैस के उपयोग व उसकी सुरक्षा के संबंध में जानकारी दी जाएगी। इसी प्रकार 24 अप्रैल को पंचायतीराज दिवस का आयोजन किया जाएगा 28 अप्रैल को ग्राम स्वराज दिवस, 30 अप्रैल को आयुष्मान भारत दिवस, 2 मई को किसान कल्याण दिवस और 5 मई आजीविका दिवस मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि बिलासपुर जिले के 54 ग्राम पंचायतों को चिह्नांकित किया गया है, जिसमें भारत सरकार की सात महत्वाकांक्षी योजनाओं को पात्र हितग्राहियों को शत-प्रतिशत लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ फरिहा आलम सिद्दिकी, जनपद पंचायत अध्यक्ष लखन पैकरा, सरपंच जयंती तंवर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
ग्राम पटेता में अधिकारियों व ग्रामीणों ने तालाब की सफाई कर दिया स्वाच्दता का संदेश।