सिविल लाइन थाने में भाजपा के दो नेता भिड़े
बिलासपुर | निगम की गाड़ी ने कार को टक्कर मार दी। दोनों के पक्ष में सिविल लाइन थाने में आए भाजपा के नेता भिड़ गए। कोनी थाना क्षेत्र के ग्राम गतौरी निवासी नगर निगम का सफाई कर्मचारी कोमल बंजारे पिता संतराम बंजारे नगर निगम का ट्रक चलाता है। बुधवार को इसमें कचरा भरकर कांटा कराने जा रहा था। महाराणा प्रताप चौक के पास ओवरब्रिज के नीचे उसकी गाड़ी से कार क्रमांक सीजी 07एमबी 3320 से टकरा गई। यह गाड़ी सीपत चौक निवासी नंदू सिंह की थी। इसके बाद कार में बैठे युवकों ने ट्रक को रोक लिया और निगम चालक की जमकर पिटाई कर दी। कार की मरम्मत कराने उससे 20 हजार रुपए की मांग की। वह देने में असमर्थ बताया तो कार सवार उसे लेकर सिविल लाइन थाने पहुंच गए। यहां निगम कर्मी ने पार्षद व भाजपा नेता महेश चंद्रिकापुरे को फोन कर बुला लिया। दूसरी ओर से कार सवारों ने सरकंडा के भाजपा नेता सुशांत शुक्ल को बुलाया। दोनों नेता थाना पहुंचे। उनके बीच कुछ देर तक विवाद हुआ फिर समझौता भी हो गया।