धारा 144 लगाई तो 3 कांग्रेसी बैठे धरने पर, मेयर पर दादागिरी के आरोप
निगम के गेट पर बुधवार को दोपहर भूख हड़तालियों को गिरफ्तार करने जब पुलिस पहुंची तो नेताओँ ने धारा 144 की काट निकालते हुए 3 ही कांग्रेसियों को धरने पर बिठा दिया। कलेक्टर ने मंगलवार को नेहरू चौक से कलेक्टोरेट क्षेत्र में धारा 144 लागू करने के आदेश दिए हैं। 300 सफाई कर्मियों के नए सेट अप का प्रस्ताव एमआईसी से पारित कराने की मांग को लेकर पिछले 22 दिनों से हड़ताल कर रहे कांग्रेसियों को एसडीएम पटेल ने डेरा डंडा उठाने कहा। काफी देर तक गेट पर प्रदर्शन बंद कराने पर चर्चा चलती रही। कार्रवाई की चेतावनी पर कांग्रेसियों ने पैंतरा बदला। पार्टी नेता शैलेष पांडे और पार्षद दल के प्रवक्ता शैलेंद्र जायसवाल ने वहीं बैठकर रणनीति बनाई तथा गेट पर 3 जनों को धरने पर बिठा दिया।
निगम के गेट पर बुधवार को धरने पर बैठे कांग्रेसी।
ऐसे में सामान्य सभा नहीं हो पाएगी
नेता प्रतिपक्ष ने चिंता जताते हुए कहा कि मेयर की हठधर्मिता से 300 परिवारों के हित में कोई निर्णय नहीं लिया जा सका है। दूसरी ओर प्रशासन द्वारा धारा 144 लागू करने से अब पानी, बिजली जैसी बुनियादी समस्याओं को लेकर लोग नगर निगम कार्यालय नहीं पहुंच पाएंगे। नगर निगम की सामान्य सभा भी नहीं हो पाएगी।
जनहित के लिए हर आरोप झेलने तैयार
शेख नजीरुद्दीन ने कहा कि विगत वर्ष शासन ने प्रापर्टी टैक्स मे मनमाने बढ़ोतरी कर दी थी, तब भी कांग्रेस ने सड़क पर उतर कर प्रदर्शन किया था। जनहित के मुद्दे के लिए लड़ाई जारी रहेगी। हम नौटंकी जैसे हर आरोप झेलने तैयार हैं। क्रमिक भूख हड़ताल में पार्षद अखिलेशचंद्र प्रदीप वाजपेयी, पंचराम सूर्यवंशी, शेख नजीरुद्दीन आदि शामिल रहे।