मेयर बोले-कांग्रेसियों के पास कोई काम नहीं , नित नई नौटंकी कर रहे हैं
मेयर किशोर राय ने कहा है कि कांग्रेसियों के पास कोई काम नहीं है। नित नई नौटंकी कर रहे हैं। कभी मंत्री की कार पर मुक्का मारते हैं, तो कभी लेट जाते हैं और हवन करते लगते हैं। आंदोलन के शुरू दिन से कर्मचारी इनके साथ नहीं हैं। नौटंकी पर किसी की हमदर्दी भला कैसे हो सकती है? मैंने किसी को जेल नहीं भिजवाया। बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में मेयर सवालों से घिरे रहेे। कांग्रेसियों की क्रमिक भूख हड़ताल के मुद्दे पर कहा कि सफाई कर्मियों के सेट अप के संबंध में कर्मचारी संघ और कमिश्नर तथा मंत्री स्तर पर चर्चा हो चुकी है। मांग पर निर्णय के बारे में उन्होंने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया।
उन्होंने कहा कि जनता के सहयोग से बिलासपुर देश के 100 शहरों में शामिल हो गया है, जिन्हें स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित किया जाएगा। छत्तीसगढ़ का यह पहला शहर होगा, जहां शीघ्र ही कचरे से आरडीएफ व खाद तैयार की जाएगी।
सीवेज कब पूरा होगा? जवाब नहीं दे पाए मेयर
422 करोड़ का सीवेज प्रोजेक्ट कब पूरा होगा? लोगों को बेतरतीब खुदाई से कब मुक्ति मिलेगी? इन सवालों का मेयर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे पाए। चतुराई से कहा कि शीघ्र पूरा होगा। उन्होंने बताया कि जवाली नाले के पास पंपिंग स्टेशन की जमीन का मामला हाईकोर्ट में लंबित हैं। कोतवाली रोड पर चट्टान निकल आने के कारण काम प्रभावित हुआ। उन्होंने कहा कि यह सही है कि प्रोजेक्ट में देरी हो रही है और लोगों को असुविधा भी हो रही है।
बिलासपुर कार्निवाल होगा, बंधवापारा तालाब, स्मृति वन पीपीपी मॉडल पर
मेयर ने माना कि मेंटेनेंस की व्यवस्था नहीं होने के कारण सौंदर्यीकरण के कार्यों की हालत अच्छी नहीं है। बंधवापारा तालाब और स्मृति वन के मेंटेनेंस का कार्य अब पीपीपी मॉडल पर कराया जाएगा। स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के लिए स्मृति वन में बिलासपुर कार्निवाल के आयोजन का निर्णय लिया गया है।