पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Chhattisgarh
  • Bilaspur
  • पहली बार दो पार्टियों की आमसभा के पहले शांति समिति की बैठक, बोले तीसरी पार्टी डाल सकती है विघ्न

पहली बार दो पार्टियों की आमसभा के पहले शांति समिति की बैठक, बोले- तीसरी पार्टी डाल सकती है विघ्न

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
17 मई को कोटमी में होने जा रही कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की सभा को लेकर कांग्रेस ने मंगलवार को पेंड्रा पुलिस थाने में हुई शांति समिति की बैठक में आशंका व्यक्त की कि भाजपा के लोग विघ्न उत्पन्न कर सकते हैं। इसके अलावा यह मांग भी प्रशासन व पुलिस के अधिकारियों से की गई है उनके कार्यकर्ताओं को किसी तरह से रोका व परेशान न किए जाए। कांग्रेस व जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधियों ने पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों को आश्वासन दिया गया है कि वह एक दूसरे के कार्यकर्ताओं को न रोकेंगे न ही परेशान करेंगे। शांति समिति की बैठक एसडीएम नूतन कंवर व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह के साथ कांग्रेस की तरफ से प्रदेश प्रवक्ता शैलेष पांडेय व जिलाध्यक्ष विजय केशरवानी और जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ की तरफ से ज्ञानेन्द्र उपाध्याय शामिल हुए। बैठक शुरू होते की कांग्रेस की तरफ से मांग रखी गई कि कोटमी की सभा में हमारे कार्यकर्ता चारों तरफ से आएंगे, इसलिए किसी को न तो रोका जाए और न ही किसी तरह से परेशान किया जाए।

बीजेपी विघ्न डाल सकती है

कांग्रेस की चिंता इस बात को लेकर ज्यादा रही कि राहुल गांधी की सभा में बीजेपी के लोग विघ्न डाल सकते हैं। इसलिए प्रशासन व पुलिस के अधिकारी लगातार पेट्रोलिंग करें जिससे कार्यकर्ताओं में किसी तरह का भय पैदा न हो। कांग्रेस पदाधिकारियों ने शांति समिति की बैठक में यह भी कहा कि अगर किसी ने विघ्न डालने की कोशिश की तो इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन व पुलिस की होगी।

सभा स्थल व संवाद कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी के आस-पास व सामने मूवमेंट रोकने बनाई रणनीति

राहुल गांधी के दौरे के लिए एसपीजी ने संभाला मोर्चा

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के 17 व 18 मई को कोटमी और बिलासपुर में आयोजित कार्यक्रमों को लेकर स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप(एसपीजी) की टीम ने मंगलवार को शहर पहुंच कर मोर्चा संभाल लिया। इधर सोशल मीडिया के जरिए पार्टी नेता को दी जा रही धमकियों से नाराज कांग्रेसियों ने एडीशनल कलेक्टर से मिलकर पेंड्रा में अनरजिस्टर्ड पार्टी को उसी दिन सभा करने के लिए मैदान उपलब्ध कराने पर आपत्ति जताई है। एसपीजी की टीम ने छत्तीसगढ़ भवन जहां राहुल गांधी रात्रि विश्राम करेंगे, बहतराई स्टेडियम जहां बूथ कार्यकर्ताओं से संवाद होना है तथा कोटमी मैदान जहां आम सभा होनी है, आदि की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारी व पुलिस अधिकारियों को एसपीजी के एआईजी यादव ने राहुल गांधी की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निर्देश जारी किए। यह भी बताया गया है कि एसपीजी का एक विशेष दस्ता मंगलवार की रात को ही कोटमी पहुंच रहा है और बुधवार को उन सभी स्थानों को अपनी सुरक्षा में ले लेगा जहां-जहां राहुल गांधी के कार्यक्रम निर्धारित हैं।

बहतराई स्टेडियम के निरीक्षण करते कांग्रेस नेता।

कोटमी की सभा का जिम्मा राष्ट्रीय सचिव उराव ने संभाला

कांग्रेसियों ने अनरजिस्टर्ड पार्टी को पेंड्रा में मैदान देने पर लगाई आपत्ति

जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़(जे)को पेंड्रा में सभा के लिए मैदान आवंटित करने का मामला गरमाया गया है। कांग्रेसियों ने एडिशनल कलेक्टर से भेंट कर कहा कि अपंजीकृत पार्टी को मैदान नहीं देना चाहिए। जबकि राष्ट्रीय पार्टी कांग्रेस का वहां कार्यक्रम तय हो चुका था। जकांछ को स्थान देने के कारण कांग्रेस को कोटमी में स्थान के लिए आवेदन करना पड़ा। एडीशनल कलेक्टर को सौंपे गए ज्ञापन आपत्ति की गई है कि 17 मई को राष्ट्रीय पार्टी के अध्यक्ष की सभा आयोजित है, इसी दिन अपंजीकृत पार्टी को सभा के लिए स्थान और अनुमति क्यूँ दी गई? कहा गया कि एआईसीसी अध्यक्ष राहुल गांधी को एसपीजी की सुरक्षा प्राप्त है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि अपंजीकृत तथाकथित पार्टी द्वारा राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम पर धमकियाँ भी दी जा रही है, सोशल मीडिया में भी अनर्गल बातें की जा रही है। स्थानीय अधिकारी भी सहयोग नहीं कर रहे हैं।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के दौरे को लेकर पार्टी की सभी इकाइयों की बैठक बुधवार को दोपहर 3:30 बजे बुलाई गई है। इस बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे के मद्देनजर सांसद, पूर्व सांसद, विधायक, प्रदेश पदाधिकारी, पार्षद दल, महिला कांग्रेस, सेवादल, युवक कांग्रेस, निर्वाचित जन प्रतिनिधि, एससी प्रकोष्ठ, व्यापार प्रकोष्ठ, झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ, एनएसयूआई सहित सभी को उपस्थित रहने कहा गया है। प्रवेश पत्र के लिए इनसे फोटो व आईडी भी मंगाए गए हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव अरुण उराव को कोटमी में आयोजित सभा की जिम्मेदारी दी गई है। वह मंगलवार को शहर पहुंचे तथा पार्टी पदाधिकारियों के साथ उन्होंने बैठक की।

कहां क्या ध्यान रखना है

छत्तीसगढ़ भवन के 12 फुट दूर से होगी बेरिकेडिंग

राहुल गांधी छत्तीसगढ़ भवन में ठहरेंगे, इसलिए उनकी सुरक्षा के मद्देनजर 10 से 12 फीट की दूरी पर चारों ओर बेरिकेडिंग की जाएगी। इसी तरह उन्हें परोसे जाने वाले भोजन की डॉक्टर व फूड विभाग जांच कराने, भेंट करने वाले प्रतिनिधिमंडल के लिए टेंट की अलग व्यवस्था करने आदि के निर्देश दिए गए।

बहतराई स्टेडियम: संवाद कार्यक्रम के लिए निर्धारित बहतराई स्टेडियम में एसपीजी ने किसी भी तरह के बाहरी मूवमेंट को प्रतिबंधित करने कहा है। सुरक्षा के मद्देनजर राहुल गांधी के आने-जाने का रास्ता अलग रहेगा। इसी प्रकार कार्यकर्ता व डेलिगेट के लिए पृथक गेट बनाए जाएंगे।

सिर्फ 4 स्थानों पर ही हो सकेगा राहुल का स्वागत

एसपीजी के एआईजी यादव ने कांग्रेस पदाधिकारियों से स्पष्ट कर दिया है कि राहुल गांधी के स्वागत के लिए 3 से 4 प्वाइंट ही बताए जाएं। इससे ज्यादा जगहों पर स्वागत करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

कोटमी मैदान: कोटमी के सभा स्थल पर एसपीजी के अफसरों ने पूर्व केंद्रीय मंत्री चरणदास महंत, राष्ट्रीय सचिव अरुण उराव, प्रदेश के कार्यकारी अध्यक्ष रामदयाल उइके, कोरबा विधायक जयसिंह अग्रवाल राष्ट्रीय सचिव आशीष सिंह, प्रदेश प्रवक्ता शैलेष पांडेय, जिलाध्यक्ष विजय केशरवानी के साथ पूरे सभा स्थल का निरीक्षण किया तथा डी के लिए जगह निर्धारित की।

13वीं कब्र के बयान के बाद प्रशासन के अफसर हो गए थे चिंतित

सभा में टिकट के दावेदारों में होड़

पेण्ड्रा | कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की कोटमी में 17 मई को आयोजित सभा की तैयारी को लेकर कोटा एवं मरवाही में कांग्रेस के टिकट के दावेदारों में शक्ति प्रदर्शन को लेकर होड़ मची हुई है। वहीं टिकट के दावेदार अपनी-अपनी क्षमता का प्रदर्शन करने में पीछे नहीं हट रहे हैं। मरवाही विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस के टिकट के प्रमुख दावेदार प्रमोद परस्ते पूर्व न्यायाधीश, गिरारी सरपंच अजीत सिंह श्याम, आदिवासी नेता घासीसिंह वाकरे, बदल सिंह सरपंच झाबर, बेचूलाल अहिरेष सरंपच साल्हेकोटा, करगी सरपंच शिवराम सिंह तथा पण्डरी की पूर्व सरपंच ओमवती पेंद्रो सहित कई कांग्रेसी नेता सभा में भीड़ जुटाने के लिए गांव-गांव की खाक छान रहे हैं। वहीं कोटा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के टिकट के प्रमुख दावेदारों में कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता शैलेष पांडेय, पेण्ड्रा की श्रीमती जयलेष सिंह, संदीप शुक्ला, अरुण चौहान का नाम चल रहा है। ऐसे में राजनीतिक पंडितों की निगाह इस बात पर टिकी हुई है कि 17 मई को राहुल गांधी के मंच पर किसे जगह मिलती है। ऐसा माना जा रहा है कि इसी मंच से कोटा एवं मरवाही के कांग्रेस प्रत्याशी को कांग्रेस लांच करेगी इस लिहाज से मंच में किस स्थानीय नेता को जगह मिलती है यह देखने की बात होगी।

खबरें और भी हैं...