300 सफाई कर्मियों के सेट अप का प्रस्ताव एमआईसी से शुक्रवार को मंजूर होते ही इसका श्रेय लूटने की होड़ मच गई है। सेट अप की मांग को लेकर नगर निगम समस्त कर्मचारी संघ ने 12 से 16 मार्च तक बेमुद्दत काम बंद हड़ताल की, 26 कर्मियों की गिरफ्तारियां हुईं। इसके बाद 16 मई को मेयर किशोर राय और सभापति अशोक विधानी से कर्मचारी संघ के अध्यक्ष सीताकांत जोशी और महामंत्री काशीप्रसाद करोसिया व प्रतिनिधिमंडल से चर्चा के बाद 18 मई को एमआईसी से सेट अप का प्रस्ताव पास हो गया। संघ के नेताओं ने उसी दिन मेयर और एमआईसी का स्वागत किया तथा खुशी जाहिर करते नारे लगाए। तब तक इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस पार्षद निगम के गेट के सामने क्रमिक भूख हड़ताल करते रहे। हड़ताल समाप्त कराने कोई नहीं पहुंचा, क्योंकि एमआईसी शाम 4 बजे हुई, परंतु उसी दिन से आंदोलन समाप्त कर दिया गया। निगम के गेट पर सोमवार को संघ के महामंत्री व कुछ सफाई कर्मियों जिनमें महिलाएं भी थीं, ने कांग्रेस पार्षदों का सम्मान किया। कार्यक्रम के दौरान अध्यक्ष नदारद रहे। कांग्रेस पार्षदों ने एमआईसी से प्रस्ताव पारित होने को अपनी जीत निरुपित किया है।
मेयर किशोर राय ने कहा-‘बेगानी शादी में अब्दुल्ला दीवाना’ कांग्रेस ने कर्मचारियों के हित में न कोई योजना बनाई न काम किया
निगम के गेट पर संघ के महामंत्री व कुछ सफाई कर्मियों ने कांग्रेस पार्षदों का सम्मान किया
नगर निगम विकास भवन में कांग्रेस पार्षद दल 300 कर्मचारियों का सरकार द्वारा मांग पूरी कर ली गई।
आचार संहिता तक मांग पूरी नहीं की तो चुनावी मुद्दा बनाएंगे: नजीरुद्दीन
नेता प्रतिपक्ष शेख नजीरुद्दीन ने कहा है कि 300 सफाई कर्मियों के साथ अन्य निकायों में कार्यरत दैनिक वेतनभोगियों का भी नियमितीकरण करना चाहिए। मंत्री अमर अग्रवाल को सैकड़ों परिवारों के हित में मांग पूरी करनी चाहिए। उन्होंने कहा, चुनावी आचार संहिता लागू होने के पहल नियमितीकरण नहीं किया गया तो मंत्री का घेराव करेंगे।
मेयर बोले- कांग्रेसियों का कृत्य टिप्पणी के योग्य नहीं है
मेयर किशोर राय ने कहा कि कांग्रेसियों का कृत्य टिप्पणी के योग्य नहीं है। स्वागत के मामले में तंज कसते कहा कि यह तो ‘बेगानी की शादी में अब्दुल्ला दीवाना ’जैसी बात है। कर्मचारी संघ के लोग जानते हैं कि उनकी विश्वसनीयता नहीं है। कांग्रेस का रवैया कर्मंचारी विरोधी रहा है। कर्मचारियों के हित में न कोई योजना बनाई न काम किया।
गेट पर हुआ सम्मान कुर्सियां नहीं मिलने पर बिफरीं महिलाएं
दोपहर निगम के गेट पर कांग्रेस पार्षदों सहित शहर व जिले के पदाधिकारी व नेता इकट्ठे हुए। खुद ही कुर्सियां तथा अन्य सामग्री मंगवाई। कर्मचारी संघ के महामंत्री ने नेता प्रतिपक्ष सहित कई पार्षदों का स्वागत किया। मिठाइयां बांटी और गीतासार का कैलेंडर बंटवाया। आतिशबाजी की गई। महामंत्री करोसिया ने कांग्रेसियों की तारीफ करते कहा कि हमारी मांग के संबंध में उनका सहयोग पीढ़ियां भी याद रखेंगी। इधर संघ के अध्यक्ष सीताकांत जोशी ने पार्षदों के सम्मान के कार्यक्रम के बारे में अनभिज्ञता प्रकट की। कार्यक्रम के दौरान कुर्सियां नहीं मिलने पर नाराज महिलाओं को यह कहते सुना गया कि मेयर की कार में चूड़ियां फेंकने के लिए हम लोग थे..। बाद में नेताओं ने बीच बचाव कर उन्हें शांत कराया। कार्यक्रम में कांग्रेस नेता शैलेष पांडेय, अशोक अग्रवाल, पूर्व मेयर वाणी राव, राजेश पांडे, पार्षद अखिलेशचंद्र प्रदीप वाजपेयी, शैलेंद्र जायसवाल, जिलाध्यक्ष विजय केशरवानी, शहर अध्यक्ष नरेंद्र बोलर, संध्या तिवारी, सीमा पांडे, काशी रात्रे, मुकीम कुरैशी, तैयब हुसैन, एसपी चतुर्वेदी, चंद्रप्रकाश वाजपेयी,एलएन राव, अमर बजाज, जुगल गोयल आदि उपस्थित रहे।