बिलासपुर | घर से काम पर जाने के लिए निकले युवक को पिकअप ने टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई। घटना तखतपुर थाना क्षेत्र की है। ग्राम सिलतरा निवासी दउवा राम साहू पिता श्यामलाल साहू 22वर्ष तखतपुर में प्राइवेट जॉॅब करता था। सोमवार की सुबह वह घर से खाना खाकर काम पर जाने के लिए निकला था। सुबह 9.30गांव में ही त्रिवेणी पांडेय के घर के सामने तखतपुर से पाली जा रहे तेज रफ्तार पिकअप में उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उसके सिर,पैर व शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चाेंटें आई। नंद कुमार साहू ,डोमश साहू ,टेकलाल साहू ने निजी गाड़ी की व्यवस्था कर उसे तखतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद सिम्स रेफर कर दिया। सिम्स के डाॅक्टरों ने उसे रायपुर मेकाहारा रेफर कर दिया। रास्ते में उसकी मौत हो गई। दउवा के पिता श्यामलाल ने थाने में आकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने पिकअप चालक प्रदीप कुमार कौशिक तखतपुर चुलघट निवासी के खिलाफ जुर्म दर्ज कर लिया है।
हेलमेट नहीं पहना था इसलिए अधिक खून बह गया: युवक ने बाइक चलाते समय हेलमेट नहीं पहना था। घटनास्थल पर ही युवक के सिर से काफी मात्रा में खून बह गया था। इसके कारण उसकी हालत गंभीर होती गई।