बिलासपुर | ट्रैफिक पार्क में बच्चे यातायात नियमों के साथ ट्रेन की सवारी का लुत्फ भी ले सकें इस उद्देश्य से यहां लाई गई टॉय ट्रेन का इंजन अब तक सुधर नहीं सका है, जिससे अब यह कबाड़ हो रहा है। टॉय ट्रेन का इंजन पिछले एक वर्ष से सही होने के लिए गया है, लेकिन यह अभी तक सुधर कर वापस नहीं आ सका है। इससे यहां आने वाले बच्चे वह टाॅय ट्रेन की सवारी का आनंद नहीं ले पा रहे हैं। 23 मई 2010 को मुख्यमंत्री डाॅ. रमन सिंह ने इस ट्रैफिक पार्क का शुभारंभ किया तभी से यहां टॉय ट्रेन की सुविधा उपलब्ध कराई गई थी। तब यहां काफी संख्या में बच्चे पहुंचते थे और यातायात नियमों की जानकारी के साथ टॉय ट्रेन का आनंद भी लेते थे। लेकिन अब यह पार्क अधिकांश समय सूना ही रहता है।