दीपक ने सात विकेट लिए, राजनांदगांव 176 पर ढेर
स्पोर्ट्स रिपोर्टर | बिलासपुर
आॅफ स्पिनर दीपक सिंह (28.5 ओवर, 64 रन, 7 विकेट) की शानदार गेंदबाजी की दम पर बिलासपुर ने राजनांदगांव को पहली पारी में 176 रनों पर ढेर कर दिया। स्व. विनोद पेंढारकर अंडर-16 इंटर डिस्ट्रिक्ट एलीट ग्रुप क्रिकेट टूर्नामेंट के अंतिम लीग मुकाबले के पहले दिन पहले खेलने उतरी राजनांदगांव की टीम 71.5 ओवर में 176 रनों पर ऑलआउट हो गई। जवाब में बिलासपुर ने 16 ओवर में दो विकेट पर 38 रन बना लिए हैं। बिलासपुर को राजनांदगांव की बराबरी के लिए अभी 138 रनों की दरकार है। दिन का खेल खत्म होने तक शिवा गणेश (26 गेंद, 5* रन) और प्रथम सिंह (36 गेंद, 4* रन) रनों पर खेल रहे हैं।
टॉस जीतकर मेजबान टीम ने पहले गेंदबाजी की
राजा रघुराज सिंह स्टेडियम में खेले जा रहे तीन दिवसीय मैच मेें टॉस जीतकर बिलासपुर ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले खेलने उतरी राजनांदगांव की शुरुआत बेहद खराब रही। नितेश (64 गेंद, 9 रन) और चक्सू चौधर शून्य पर आउट हो गए। इसके बाद आए गौरव मिश्रा और अरिन द्विवेदी ने पारी को संभाला। दोनों के बीच अच्छी साझेदारी हुई। गौरव (82 गेंद, 48 रन) और अरिन (151 गेेंद, 36 रन) के आउट होने के बाद टीम के अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सके। दीपक यादव (27) और हर्ष साहू ने (17) रनों की पारी खेलकर टीम का स्कोर 176 रनों तक पहुंचाया। नीरज (6) और देवव्रत ने (9) रनों का योगदान दिया। आदित्य और नमन शून्य पर आउट हुए। राजनांदगांव की पूरी टीम 176 रनों पर सिमट गई। टीम को 19 रन अतिरिक्त िमले।
दीपक ने लगातार गेंदबाजी की
मेजबान टीम के गेंदबाजों ने शानदार गेंदबाजी की। मेहमान टीम के बल्लेबाजों को पिच पर जमने का मौका नहीं दिया। दीपक सिंह ने लगातार गेंदबाजी की। उन्होंने 28.5 ओवर में 64 रन देकर सात विकेट चटकाए। उनके अलावा अंकित ध्रुव ने 14 अोवर में 35 रन देकर तीन विकेट लिए। मयंक, वाशुदेव, आदित्य और शिवा गणेश को एक भी विकेट नहीं मिला।
खराब शुरुआत, 16 ओवर में 38 रनों पर गिरे दो विकेट
जवाब में उतरी बिलासपुर टीम की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। टीम के ओपनर जितेश केवध (8 गेंद, 1 रन) को नीरज यादव ने आउट कर मेजबान टीम को 9 रनों पर पहला झटका दिया। उमंग गंधे (12) रन को नमन ने पवेलियन का रास्ता दिखाया। पहले दिन का खेल समाप्त होने तक बिलासपुर ने अपनी पहली पारी में 16 ओवर में 38 रनों पर दो विकेट गंवा दिए हैं। टीम गुरुवार को इससे आगे की पारी शुरू करेगी।