भारतीय नगर से मगरपारा तक सड़क डामरीकरण शुरू, 1.63 करोड़ खर्च होंगे
भारतीय नगर से मगरपारा तक बहुप्रतीक्षित सड़क के डामरीकरण का कार्य मंगलवार को शुरू किया गया। महापौर किशोर राय ने सड़क डामरीकरण के कार्य का भूमिपूजन कर शुभारंभ किया। 1100 मीटर लंबे व 8 मीटर की चौड़ाई वाले रोड के डामरीकरण पर 1 करोड़ 63 लाख रुपए खर्च किबे जाएंगे। महापौर ने निर्माण कार्य के दौरान निगम के अधिकारी व ठेकेदारों को समय सीमा और गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
भारतीय नगर से मगरपारा चौक तक सीवेज के कार्यों तथा अन्य वजहों से रोड की हालत जर्जर हो गई थी। इससे राहगीरों व स्थानीय निवासियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। शहर की मुख्य सड़क होने के कारण पर निरंतर आवाजाही होती है। डामरीकरण के बाद इस रोड पर से व्यापार विहार की आवागमन आसान हो जाएगा। कार्यक्रम के दौरान मेयर ने स्थानीय निवासियों व दुकानदारों से बातचीत कर निगम द्वारा किए जा रहे कार्यों का फीडबैक लिया साथ ही आसपास का निरीक्षण कर साफ सफाई बनाए रखने की अपील की।