नैक ग्रेडिंग की तैयारी के लिए सीयू में हुई बैठक
सेंट्रल यूनिवर्सिटी में 2019 में नैक ग्रेडिंग होनी है। इसके लिए यूनिवर्सिटी में अभी से तैयारी शुरू हो गई है। मंगलवार को नैक ग्रेडिंग की तैयारी को लेकर कुलपति प्रो. अंजिला गुप्ता ने यूनिवर्सिटी के प्रोफेसरों की बैठक ली। बैठक में कुलपति प्रो. गुप्ता ने नए सत्र में शिक्षा गुणवत्ता सुधराने, रिसर्च और ऑनलाइन कोर्स तैयार करने निर्देश दिए। इसके साथ ही प्रो. एलपी पटैरिया को विश्वविद्यालय नैक स्टीरिंग कमेटी का समन्वयक नियुक्त किया गया है। इसके अलावा आईक्यूएसी के निदेशक प्रोफेसर पीके बाजपेयी और विकास विभाग के विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी प्रोफेसर मनीष श्रीवास्तव होंगे। नैक के लिए पंजीयन 1 से 30 नवंबर 2018 के बीच कराया जाना है।
बैठक में मानव संसाधन विकास मंत्रालय, विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के विभिन्न दिशा-निर्देशों की जानकारी अधिष्ठाता, विभागाध्यक्ष, प्रोफेसर एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों से साझा करते हुए शैक्षणिक सत्र 2018-19 के लिए एक रोडमैप के अंतर्गत कार्य करने की बात कही गई। नैक की मार्गदर्शिका में निर्धारित नई प्रक्रिया के अनुरूप महत्वपूर्ण कार्यों जैसे आईक्यूएआर और अन्य अभिलेखों को तैयार करने से संबंधित कार्यवाही प्रारंभ करने निर्देश दिए गए। सीबीसीएस प्रणाली के नोडल अधिकारी डॉ. अश्विनी दीक्षित ने विश्वविद्यालय अनुदान आयोग द्वारा उपलब्ध कराये विभिन्न कोर्स एवं उससे जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। बैठक में हुई चर्चा व निर्णय को लागू किए जाने के लिए 21 मई, 2018 की डेडलाइन निर्धारित की गई।