हीराकुंड एक्सप्रेस में सफर कर रहे युवक की मौत
अमृतसर-विशाखापट्टनम हीराकुंड एक्सप्रेस में सफर कर रहे एक युवक की मौत हो गई। जीआरपी ने मर्ग कायम किया है। परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव लेकर चले गए।
अमृतसर से विशाखापट्टनम जा रही हीराकुंड एक्सप्रेस में अमृतसर से चांपा तक सफर कर रहे कौशल प्रसाद पिता तीरथ राम 22 वर्ष की मौत हो गई। कौशल कपसिया थाना बम्हनीडीह जिला जांजगीर-चांपा का रहने वाला है। कुछ दिनों पहले ही अमृतसर गया हुआ था वहां पर उसकी तबीयत बिगड़ गई। तबीयत खराब होने की हालत में ही वह ट्रेन से अपने घर चांपा लौट रहा था। हीराकुंड एक्सप्रेस सुबह 5 बजे के लगभग चांपा रेलवे स्टेशन पहुंचने वाली थी उससे कुछ देर पहले ही उसकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। वह ट्रेन के एस 9 कोच के तीन नंबर बर्थ पर सफर कर रहा था। चांपा रेलवे स्टेशन पहुंचने पर यात्रियों ने इसकी सूचना चांपा रेलवे स्टेशन में आरपीएफ के जवानों को दी। इसकी सूचना जीआरपी को मिलने पर उन्होंने तत्काल शव को ट्रेन से नीचे उतरा गया। पंचनामा कार्रवाई के बाद उक्त युवक के साथ उनके परिजन भी थे। उन्होंने बताया कि वह काफी दिनों से बीमार चल रहा था इसलिए वह उसका पोस्टमार्टम नहीं कराना चाह रहे हैं। परिजनों के लिखित आवेदन दिए जाने के बाद जीआरपी ने पंचनामा कार्यवाही कर शव परिजनों को सौंप दिया। मामले में जीआरपी ने मर्ग कायम किया है।