गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज कोनी में अंतिम वर्ष के छात्रों को विदाई दी गई।
एजुकेशन रिपोर्टर | बिलासपुर
शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज कोनी में अंतिम वर्ष के छात्रों के लिए विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इसमें छात्रों को उनके भावी जीवन के लिए सही दिशा निर्देश व शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम के शुभारंभ में अंतिम वर्ष के छात्रों ने कॉलेज में अपने चार साल के अनुभव व यादों को साझा किया। इसके बाद कई रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस अवसर पर कॉलेज के प्राचार्य डाॅ. बीएस चावला ने छात्रों से कहा कि अभी आपने जीवन का पहला पड़ाव पार किया है। अब आगे की सफलता के लिए अपना लक्ष्य निर्धारित करना होगा और उसे पाने के लिए सकारात्मक सोच के साथ पूरी कोशिश करनी होगी।
संस्था के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि यह तो जीवन का एक पड़ाव है, जिसे हर किसी को पार करना होता है। उन्होंने छात्रों को उनके भावी कैरियर के संबंध में लक्ष्य साधने और उन्हें प्राप्त करने संबंधी दिशा-निर्देश देकर उन्हें प्रेरित किया। प्राचार्य डॉ. बीएस चावला ने छात्रों से कहा कि वे कॉलेज से पास आउट होकर भी इससे अलग नहीं होंगे, बल्कि भावनात्मक रूप से और एक एलुमनी के रूप में इस संस्था से हमेशा जुड़े रहेंगे। उन्होंने शासन के विभिन्न योजनाओं के बारे में भी छात्रों को अवगत कराया, जिसके अंतर्गत छात्र-छात्राएं कॉलेज से पास आउट होने के बाद भी उन सुविधाओं का लाभ उठा पाएंगे। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. चावला, डॉ. एसके सिंघई, डॉ. जीएस सिंह, डॉ. एमएल अग्रवाल, डॉ. जीके अग्रवाल, डॉ. एसके ड़बड़घाव, प्रो. एसबीएस टेकाम सहित अन्य उपस्थित रहे।