बिलासपुर | सरकार के अब तक के कार्यकाल की उपलब्धियों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से निकाली जा रही विकास यात्रा के भाजपाईकरण का आरोप लगाते हुए हाईकोर्ट में जनहित याचिका लगाई गई है। सोमवार को प्रस्तुत की गई याचिका में मुख्य सचिव और डीजीपी को इस पर रोक लगाने के निर्देश देने सहित अन्य मांगें की गई हैं। याचिका के साथ गर्मी की छुट्टी के दौरान ही मामले पर सुनवाई करने का आग्रह करते हुए आवेदन भी प्रस्तुत किया गया है। रायपुर में रहने वाले डॉ. अजीत आनंद बेग्वेकर ने अधिवक्ता हिमांशु शर्मा के जरिए सोमवार को हाईकोर्ट में जनहित याचिका प्रस्तुत कर इन दिनों निकाली जा रही विकास यात्रा के पूरी तरह भाजपाईकरण का आरोप लगाते हुए कहा है कि कहा है कि इसमें पब्लिक फंड का उपयोग किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल के प्रचार-प्रसार के लिए नहीं किया जा सकता। विज्ञापनों को लेकर सुको ने भी दिशा- निर्देश जारी किए हैं।