विद्युत वितरण कंपनी दिन भर में कई बार और कभी भी बिजली बंद कर रही है। हल्की हवा चलने पर भी बिजली बंद होने की समस्या आम हो गई है। भीषण गर्मी में अचानक बिजली बंद होने से लोग परेशान हो रहे हैं। लोगों की रात की नींद खराब हो रही है। गर्मी शुरू होने से पहले ही विभाग ने मेंटनेंस कार्य कराया था। बावजूद इसके बिजली गुल होने की समस्या से लोगों को निजात नहीं मिल पा रही है।
विभाग हर साल गर्मी के पहले मेंटेनेंस के नाम पर लाखों रुपए खर्च करता है। लेकिन व्यवस्था सुधारी नहीं जा सकी है। बिजली विभाग सबसे अधिक मनमानी ग्रामीण क्षेत्रों में कर रहा है। गांवों में बिजली कभी भी गुल हो रहा है। सबसे अधिक परेशानी शहर के नेहरू नगर, रिंग रोड-2, लिंक रोड, टिकरापारा, करबला, पुराना हाईकोर्ट रोड और शहर से लगे नवागांव, गुड़ी, मोपका, मोहरा, सेलर, मटियारी सहित गांवों से मिल रही है। इन जगहों पर बिजली की आंख मिचौली आम बात हो गई है। शहर सहित जिले भर के लोग बिजली कंपनी की मनमानी से परेशान है। बिजली गुल होने का कोई समय नहीं है। शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में मेंटेनेंस के नाम पर कभी भी बिजली बंद की जा रही है। वर्तमान में तापमान 43-44 डिग्री पार हो चुका है। ऐसे में बिजली बंद होने से लोग परेशान हो रहे हैं।
खुल रही मेंटेनेंस की पोल, बिजली विभाग ले रहा है भीषण गर्मी में लोगों की परीक्षा
विवाद की स्थिति बन चुकी है
बिजली बंद होने से परेशान उपभोक्ताओं में आक्रोश देखने मिल रहा है। हालात यह है कि दफ्तर पहुंचकर गाली-गलौज की स्थिति भी बन रही है। नेहरू नगर जोन कार्यालय स्थिति कॉल सेंटर के कर्मचारी से गाली हो चुका है।
बृहस्पति बाजार में एलटी केबल टूटा
सोमवार की शाम बृहस्पति बाजार में बिजली केबल टूट गया। इससे किसी को कोई नुकसान नहीं हुआ। लेकिन इसे सुधरने में समय लग गया। सदर बाजार व सिविल लाइन फीडर को बंद करना पड़ा। इसे सुधारने में 1 घंटे से अधिक समय लगा।